डिजिटल राजनीति में किसका सबसे बड़ा दबदबा? इंस्टाग्राम पर CM योगी सबसे आगे, पोस्ट करने में मोहन यादव ने मारी बाजी

इंदौर: देश की राजनीति में सोशल मीडिया की भूमिका लगातार बढ़ती जा रही है। हाल के घटनाक्रमों के बीच इंस्टाग्राम जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म राजनीतिक दलों और नेताओं के लिए युवाओं तक पहुंचने का अहम माध्यम बन चुके हैं। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के आधिकारिक इंस्टाग्राम खातों का विश्लेषण भी यही संकेत देता है कि अब डिजिटल मौजूदगी चुनावी और जनसंपर्क रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गई है।

फॉलोअर्स के मामले में सबसे आगे योगी आदित्यनाथ

आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इंस्टाग्राम पर 1.72 करोड़ फॉलोअर्स के साथ भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों में सबसे लोकप्रिय डिजिटल चेहरा हैं। उनके बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस 28 लाख और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा 27 लाख फॉलोअर्स के साथ सूची में शामिल हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20 लाख और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 16 लाख फॉलोअर्स के साथ शीर्ष पांच में हैं।

पोस्ट करने में मोहन यादव सबसे सक्रिय नेताओं में शामिल

डिजिटल सक्रियता की बात करें तो मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार पोस्ट, रील और वीडियो साझा करने के लिए जाने जाते हैं। उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम खाते पर 10,898 पोस्ट दर्ज हैं, जिससे वह भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों में दूसरे सबसे सक्रिय नेता बने हुए हैं। इस सूची में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 11,555 पोस्ट के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि देवेंद्र फडणवीस 10,257 पोस्ट के साथ तीसरे नंबर पर हैं।

कम पोस्ट, लेकिन मजबूत डिजिटल प्रभाव

विश्लेषण में यह भी सामने आया कि सोशल मीडिया पर प्रभाव केवल पोस्ट की संख्या से तय नहीं होता। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने महज 530 पोस्ट के बावजूद 27 लाख फॉलोअर्स का आधार बनाया है। इससे यह संकेत मिलता है कि नेतृत्व की पहचान, साझा की जाने वाली सामग्री और जनता से जुड़ाव भी डिजिटल लोकप्रियता में अहम भूमिका निभाते हैं।

हर मुख्यमंत्री की अलग डिजिटल रणनीति

भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की डिजिटल रणनीति भी एक-दूसरे से अलग दिखाई देती है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी युवाओं, पर्यटन और धार्मिक आयोजनों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देते हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जनजातीय समाज, लोक संस्कृति और ग्रामीण विकास पर केंद्रित सामग्री साझा करते हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल विकास कार्यों, निवेश और सुशासन को प्रमुखता देते हैं, जबकि गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत पर्यटन, स्थानीय संस्कृति और जनसंपर्क से जुड़े विषयों पर अधिक सक्रिय रहते हैं।

नई सरकारों का स्थानीय मुद्दों पर फोकस

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू प्राकृतिक सौंदर्य, पर्यटन और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास से जुड़े विषयों को प्रमुखता देते हैं। वहीं ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने सोशल मीडिया मंचों पर सरकारी योजनाओं, जनसंवाद और स्थानीय मुद्दों पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

 

Related posts