13-14 जुलाई को यूपी में रोजगार का बड़ा मौका, 74 जिलों में लगेगा मेगा जॉब फेयर; दिव्यांग और जीरो पॉवर्टी युवाओं को मिलेगी प्राथमिकता

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (यूपीएसडीएम) 13 और 14 जुलाई को प्रदेश के 74 जिलों में राज्य स्तरीय रोजगार मेलों का आयोजन करेगा। इन मेलों में जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत चिन्हित युवाओं और दिव्यांगजनों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। राजधानी लखनऊ को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों में रोजगार मेले आयोजित होंगे, जबकि लखनऊ में विश्व युवा कौशल दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

क्यूआर कोड से होगा पंजीकरण

रोजगार मेलों में आने वाले अभ्यर्थियों के लिए सभी केंद्रों पर क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। इससे आवेदन प्रक्रिया को तेज और सरल बनाया जाएगा।

प्रशिक्षित युवा ले सकेंगे हिस्सा

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अनुसार, कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके और औपचारिक शिक्षा पूरी कर चुके सभी पात्र युवा इन रोजगार मेलों में भाग ले सकेंगे। इच्छुक अभ्यर्थी अपने जिले की आईटीआई से मेले की जानकारी और अन्य आवश्यक विवरण प्राप्त कर सकते हैं।

जिलों में तैयारियां शुरू

मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि रोजगार मेलों का आयोजन मुख्य विकास अधिकारियों और जिला कौशल विकास मिशन के अधिकारियों के समन्वय से कराया जाएगा। जिलाधिकारियों को आयोजन स्थल तय करने, निजी कंपनियों को आमंत्रित करने और प्रशिक्षित युवाओं की सूची तैयार करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

चयनित अभ्यर्थियों की भेजी जाएगी रिपोर्ट

रोजगार मेले के दौरान चयनित होने वाले अभ्यर्थियों का विवरण मिशन मुख्यालय को भेजा जाएगा। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और निजी क्षेत्र से उनका सीधा जुड़ाव सुनिश्चित करना है।

 

Related posts