गाजियाबाद: खोड़ा इलाके में हुए सूर्या मर्डर केस के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। 50 हजार रुपये के इनामी असद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश में जुटी थी, लेकिन वसुंधरा क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद से फरार था मुख्य आरोपी असद
28 मई को हुए इस सनसनीखेज वारदात में असद ने अपने साथी के साथ मिलकर सूर्या चौहान पर चाकू से हमला किया था। इलाज के दौरान सूर्या की मौत हो गई थी। इस मामले में कुल पांच आरोपियों को नामजद किया गया था, जिनमें से तीन को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि असद लगातार फरार चल रहा था और उस पर इनाम घोषित था।
सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल, चेकिंग के दौरान मुठभेड़
पुलिस को सूचना मिली थी कि असद अपने साथियों से मिलने और पैसे लेकर फरार होने की योजना बना रहा है। इसके बाद पुलिस ने खोड़ा और आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया और जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई। इसी दौरान वसुंधरा क्षेत्र में बाइक पर दो संदिग्धों को देखा गया, जिन्हें रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वे नहीं रुके और भागने लगे।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में मारा गया असद
रुकने के बजाय आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें असद को गोली लग गई और वह गिर पड़ा। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ में सिपाही भी घायल, साथी फरार
इस मुठभेड़ के दौरान खोड़ा थाने का एक कॉन्स्टेबल भी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं असद का एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस ने मौके से एक देशी पिस्तौल और बाइक भी बरामद की है।
डीसीपी ने बताया पूरा घटनाक्रम
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि असद क्षेत्र में आ सकता है। इसी आधार पर टीमों को अलर्ट किया गया और चेकिंग अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने रुकने की चेतावनी दी थी, लेकिन आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।
जांच जारी, आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। असद के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।
