मुंबई: वेब सीरीज ‘पंचायत’ में विकास बाबू के किरदार से घर-घर पहचान बनाने वाले अभिनेता चंदन रॉय अब अपनी नई फिल्म ‘आरजे बस्तर’ को लेकर सुर्खियों में हैं। चंदन रॉय की इस फिल्म ने अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी पहचान बना ली है। हाल ही में फिल्म का प्रीमियर Cannes Film Festival 2026 में हुआ, जहां इसे दर्शकों की शानदार प्रतिक्रिया मिली।
फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान दुनियाभर से पहुंचे सिने प्रेमियों ने इसकी कहानी और प्रस्तुति की जमकर सराहना की। Cannes में प्रीमियर के बाद ‘आरजे बस्तर’ चर्चा का बड़ा विषय बन गई है।
‘पंचायत’ से मिली खास पहचान
अमेजन प्राइम वीडियो की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के चारों सीजन दर्शकों के बीच बेहद सफल रहे हैं। इस सीरीज में सचिव जी, प्रधान जी, मंजू देवी और रिंकी जैसे किरदारों के साथ सहायक सचिव विकास बाबू का किरदार भी काफी पसंद किया गया।
चंदन रॉय ने विकास बाबू की भूमिका निभाकर अपनी अलग पहचान बनाई और अब वह एक गंभीर और अलग विषय वाली फिल्म के जरिए दर्शकों के सामने आने वाले हैं।
आदिवासी लड़की के संघर्ष की कहानी है फिल्म
फिल्म ‘आरजे बस्तर’ का निर्देशन मनीष मणिकपुरी ने किया है, जबकि इसे पवन कुमार सिंह ने पीकेएस प्रोडक्शन के बैनर तले बनाया है।
फिल्म की कहानी छत्तीसगढ़ की एक आदिवासी लड़की के संघर्ष पर आधारित है, जो रेडियो जॉकी बनने का सपना देखती है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद वह अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार संघर्ष करती है।
फिल्म ग्रामीण और आदिवासी इलाकों की सामाजिक चुनौतियों को संवेदनशील तरीके से सामने लाने की कोशिश करती है।
फिल्म में नजर आएंगे कई कलाकार
‘आरजे बस्तर’ में चंदन रॉय के साथ हर्ष राजपूत, चित्राशी रावत, नेहा साहू, पुष्पेंद्र सिंह, संजय महानंद, सुनील तिवारी, पवन कुमार गुप्ता, संगीता निषाद और आशीष झा अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिल्म के Cannes प्रीमियर के बाद अब दर्शकों को इसकी रिलीज का इंतजार है।
