आंध्र प्रदेश में जनसंख्या बढ़ाने पर सरकार का बड़ा ऐलान: तीसरे बच्चे पर 30 हजार, चौथे पर 40 हजार रुपये देगी नायडू सरकार

अमरावती: आंध्र प्रदेश की चंद्रबाबू नायडू सरकार ने जनसंख्या वृद्धि को प्रोत्साहित करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घोषणा की है कि राज्य में किसी परिवार में तीसरे बच्चे के जन्म पर 30 हजार रुपये और चौथे बच्चे के जन्म पर 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार की ओर से यह राशि तुरंत उपलब्ध कराई जाएगी।

घटती जनसंख्या दर पर जताई चिंता

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने नरसन्नापेटा में आयोजित ‘स्वर्ण आंध्र–स्वच्छ आंध्र’ कार्यक्रम के दौरान राज्य में लगातार घट रही जनसंख्या वृद्धि दर पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बच्चों को बोझ नहीं, बल्कि देश की संपत्ति के रूप में देखा जाना चाहिए। इसी सोच के तहत सरकार ने यह नई योजना लागू करने का फैसला लिया है।

तीसरे और चौथे बच्चे पर मिलेगी आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि तीसरे बच्चे के जन्म पर परिवार को 30 हजार रुपये और चौथे बच्चे के जन्म पर 40 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इससे पहले दूसरे बच्चे के जन्म पर 25 हजार रुपये देने को लेकर भी चर्चा हुई थी, हालांकि इस पर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

‘पहले परिवार नियोजन पर काम किया, अब वक्त बदल गया’

चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि समय के साथ परिस्थितियां बदल चुकी हैं। उन्होंने कहा, “मैंने इस विषय पर कई बार विचार किया है। पहले मैंने परिवार नियोजन की दिशा में काम किया था, लेकिन अब हालात अलग हैं। आज बच्चे हमारी सबसे बड़ी संपत्ति हैं और हमें उनके भविष्य के लिए काम करना होगा।”

जनसंख्या संतुलन को लेकर सरकार की नई रणनीति

आंध्र प्रदेश सरकार का यह फैसला ऐसे समय आया है जब कई राज्यों में घटती जन्मदर और जनसंख्या संतुलन को लेकर चर्चा तेज है। माना जा रहा है कि सरकार की यह पहल परिवारों को अधिक बच्चों के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकती है।

 

Related posts