विराट कोहली ने टी20 क्रिकेट में रचा इतिहास, 14 हजार रन पूरे करने वाले बने पहले भारतीय बल्लेबाज

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में लगातार दो मैचों में शांत रहने के बाद विराट कोहली ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ धमाकेदार वापसी करते हुए इतिहास रच दिया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज ने इस मुकाबले में ऐसी उपलब्धि हासिल की, जो उनसे पहले कोई भी भारतीय खिलाड़ी टी20 क्रिकेट में हासिल नहीं कर सका था।

कोहली ने अपनी पारी के दौरान जैसे ही 78 रन पूरे किए, वह टी20 क्रिकेट में 14 हजार रन बनाने वाले दुनिया के छठे और भारत के पहले बल्लेबाज बन गए। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

सबसे कम पारियों में 14 हजार रन पूरे करने वाले खिलाड़ी बने

विराट कोहली ने यह ऐतिहासिक आंकड़ा सिर्फ 409 पारियों में छुआ। इसके साथ ही उन्होंने वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

इससे पहले सबसे कम पारियों में 14 हजार टी20 रन पूरे करने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 423 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था। अब कोहली इस सूची में शीर्ष पर पहुंच गए हैं।

टी20 क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 14000 रन पूरे करने वाले खिलाड़ी:

  • विराट कोहली (भारत) – 409 पारियां
  • क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) – 423 पारियां
  • डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया) – 431 पारियां
  • जोस बटलर (इंग्लैंड) – 468 पारियां
  • एलेक्स हेल्स (इंग्लैंड) – 505 पारियां
  • कायरन पोलार्ड (वेस्टइंडीज) – 633 पारियां

भारत के लिए टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

विराट कोहली पहले से ही भारत की ओर से टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस सूची में दूसरे स्थान पर रोहित शर्मा मौजूद हैं, जिन्होंने 456 पारियों में 12,491 रन बनाए हैं।

कोहली का लगातार बड़े मुकाबलों में प्रदर्शन उन्हें टी20 क्रिकेट के सबसे महान बल्लेबाजों में शामिल करता है।

शतक जड़कर डेविड वॉर्नर की बराबरी

केकेआर के खिलाफ विराट कोहली ने शानदार शतक भी जड़ा। यह उनके टी20 करियर का 10वां शतक रहा। इसी के साथ उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर की बराबरी कर ली।

अब टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में कोहली संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी:

  • क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) – 22 शतक
  • बाबर आजम (पाकिस्तान) – 13 शतक
  • विराट कोहली (भारत) – 10 शतक
  • डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया) – 10 शतक

आईपीएल में पहले से ही नंबर-1 हैं कोहली

विराट कोहली आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज पहले से ही हैं। केकेआर के खिलाफ लगाया गया यह उनका आईपीएल करियर का 9वां शतक था। उनकी इस पारी की बदौलत आरसीबी ने मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की और अंक तालिका में भी मजबूती हासिल की।

 

Related posts