न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इंग्लैंड की 15 सदस्यीय टीम घोषित, बेन स्टोक्स कप्तान, पहली बार स्क्वाड में शामिल हुए जेम्स रियू

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के लिए 15 सदस्यीय इंग्लैंड टीम का ऐलान कर दिया है। यह मुकाबला 4 जून से लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा और यह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र का हिस्सा होगा। टीम की कमान अनुभवी ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के हाथों में ही सौंपी गई है।

पहली बार टेस्ट स्क्वाड में शामिल हुए जेम्स रियू

इस टीम चयन में सबसे बड़ा आकर्षण विकेटकीपर बल्लेबाज जेम्स रियू का नाम रहा, जिन्हें पहली बार इंग्लैंड की टेस्ट स्क्वाड में जगह मिली है। काउंटी डिवीजन वन में शानदार प्रदर्शन करते हुए रियू ने इस सीजन की शुरुआत बेहतरीन अंदाज में की थी, जिसमें उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए। उनकी एंट्री से टीम को विकेटकीपिंग विकल्पों में अतिरिक्त मजबूती मिली है।

एमिलियो गे और सन्नी बेकर को भी मिला मौका

इंग्लैंड स्क्वाड में एमिलियो गे और सन्नी बेकर को भी शामिल किया गया है। दोनों खिलाड़ी पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं, लेकिन यह पहली बार है जब उन्हें टेस्ट स्क्वाड का हिस्सा बनाया गया है। एमिलियो गे को जैक क्रॉली के विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है, खासकर एशेज 2025-26 में उनके अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन के बाद।

वहीं एमिलियो गे का काउंटी सीजन बेहद शानदार रहा है, जहां उन्होंने 92 के औसत से 550 से अधिक रन बनाए हैं और तीन शतकीय पारियां खेली हैं, जिससे चयनकर्ताओं का ध्यान उनकी ओर गया।

ओली रॉबिन्सन की दो साल बाद वापसी

तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन की भी लंबे अंतराल के बाद टीम में वापसी हुई है। वह लगभग दो साल से इंजरी के चलते टीम से बाहर थे। रॉबिन्सन अब तक 20 टेस्ट मैचों में 76 विकेट ले चुके हैं और उनका औसत 22.92 का रहा है। उनका पिछला टेस्ट भारत दौरे पर 2024 में रांची में खेला गया था।

जोफ्रा आर्चर बाहर, टीम में संतुलित संयोजन

इस स्क्वाड में तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर का नाम शामिल नहीं है, क्योंकि उन्होंने चयन के लिए खुद को उपलब्ध नहीं बताया। इसके बावजूद इंग्लैंड ने अनुभव और युवा खिलाड़ियों के संतुलन के साथ मजबूत टीम तैयार की है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इंग्लैंड स्क्वाड

बेन स्टोक्स (कप्तान), रेहान अहमद, गस एटकिंसन, सन्नी बेकर, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, जेम्स रियू, ओली रॉबिन्सन, जो रूट, जेमी स्मिथ, जोश टंग।

Related posts