चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी: कुशीनगर एक्सप्रेस में महिला ने दिया बच्ची को जन्म, टीसी और नर्स की सूझबूझ से बची जान

मुंबई: महाराष्ट्र से एक भावुक कर देने वाली और राहत भरी खबर सामने आई है। मुंबई से भुसावल जा रही कुशीनगर एक्सप्रेस में चलती ट्रेन के भीतर एक गर्भवती महिला ने बच्ची को जन्म दिया। इस पूरे घटनाक्रम में रेलवे कर्मचारियों और एक नर्स की त्वरित मदद से मां और नवजात दोनों की जान सुरक्षित बचाई जा सकी।

कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम?
मुंबई: जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 22538 कुशीनगर एक्सप्रेस में यह घटना उस समय हुई जब ट्रेन कल्याण स्टेशन पार कर चुकी थी। ए-1 कोच के पास जनरल डिब्बे से एक यात्री ने सूचना दी कि एक गर्भवती महिला को तेज प्रसव पीड़ा हो रही है। भीड़भाड़ अधिक होने के कारण महिला की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी।

रेलवे कर्मियों और नर्स ने दिखाई सूझबूझ
इसके बाद कसारा स्टेशन के पास रेलवे कर्मियों ने तुरंत एक्शन लिया। सीटीआई/भुसावल आर.एस. तेली की मदद से महिला को भीड़ से निकालकर ए-1 कोच के कैरी डोर तक पहुंचाया गया। इसी दौरान ट्रेन में मौजूद एक नर्स भी मदद के लिए आगे आईं। नर्स की सहायता से ट्रेन के भीतर ही सुरक्षित प्रसव कराया गया और महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।

स्टेशन पर तैयार थी मेडिकल टीम
घटना की जानकारी तुरंत कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद इगतपुरी स्टेशन पर एंबुलेंस, स्ट्रेचर, डॉक्टर और रेलवे अधिकारी पहले से तैनात कर दिए गए। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही महिला और नवजात को तुरंत रेलवे अस्पताल भेजा गया।

मां और बच्ची दोनों सुरक्षित
रेलवे अधिकारियों के अनुसार अस्पताल में जांच के बाद मां और नवजात बच्ची दोनों की हालत स्थिर और सुरक्षित बताई गई है। समय पर मिली मदद और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और चलती ट्रेन में एक नई जिंदगी ने जन्म लिया।

 

Related posts