मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के भोगांव थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज 18 दिन बाद ही नई दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। पीड़ित पति ने आरोप लगाया है कि पत्नी घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण भी साथ ले गई। मामला अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंच गया है।
21 अप्रैल को हुई थी शादी, कुछ ही दिनों में बिगड़े हालात
भोगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कुलीपुर निवासी जितेंद्र कुमार ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी 21 अप्रैल 2026 को कन्नौज जिले के छिबरामऊ थाना क्षेत्र के कुंवरपुर लोधपुर निवासी अचला से हुई थी। आरोप है कि शादी से पहले ही अचला के गांव के ही अरुण कुमार नाम के युवक से प्रेम संबंध थे और दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रहती थी।
जेवरात लेकर प्रेमी संग फरार होने का आरोप
पीड़ित पति का आरोप है कि 8 और 9 मई की रात उसकी पत्नी अरुण कुमार के साथ घर से चली गई। जाते समय वह घर में रखे सोने-चांदी के जेवर भी साथ ले गई। इनमें सोने की जंजीर, अंगूठी, झाले, बेसर, चांदी की पायल और करधनी सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा उसकी बहन रूबी के जेवर भी गायब होने का आरोप है।
नोएडा में रखने का दावा, कई लोगों पर सहयोग का आरोप
जितेंद्र ने आरोप लगाया है कि अरुण कुमार नोएडा में प्राइवेट नौकरी करता है और वहीं उसकी पत्नी को किसी अज्ञात स्थान पर रखा गया है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में अरुण के भाई अरजेश और नीलू के साथ-साथ उसका बहनोई संतकुमार भी शामिल हैं।
आपत्तिजनक फोटो भेजने का भी दावा
शिकायती पत्र में यह भी कहा गया है कि अरुण कुमार के साथ उसकी पत्नी की एक आपत्तिजनक फोटो मोबाइल पर भेजी गई, जिसे नोएडा में काम करने वाले सोल्जर यादव नाम के व्यक्ति ने भेजा, जो कथित रूप से अरुण का साथी बताया जा रहा है।
थाने पर कार्रवाई न होने का आरोप
पीड़ित पति ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह शिकायत लेकर थाने गया, लेकिन वहां मुकदमा दर्ज करने से इनकार कर दिया गया। पुलिस ने केवल गुमशुदगी दर्ज करने की बात कही, जिसके बाद उसने एसपी कार्यालय में न्याय की गुहार लगाई।
उधार लेकर की थी शादी, आर्थिक और मानसिक संकट में पीड़ित
जितेंद्र ने बताया कि उसने मेहनत-मजदूरी और उधार लेकर शादी की थी और बड़ी मुश्किल से गहने बनवाए थे। इस घटना के बाद वह पूरी तरह टूट चुका है और आर्थिक तथा मानसिक रूप से बर्बाद हो गया है। उसने पुलिस अधीक्षक से पत्नी की बरामदगी, आभूषण वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
