अब छत्तीसगढ़ में तरबूज खाने के बाद 15 वर्षीय किशोर की मौत, 3 बच्चे बीमार, इलाके में मचा हड़कंप

जांजगीर: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां तरबूज खाने के बाद एक 15 वर्षीय लड़के की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे बीमार पड़ गए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और हड़कंप का माहौल है।

यह पूरा मामला जिले के घुरकोट गांव का है। जानकारी के मुताबिक, सभी बच्चे अपने परिजनों के साथ मामा के घर घूमने आए थे। मृतक की पहचान 15 वर्षीय अखिलेश के रूप में हुई है, जो पोड़ी दलहा गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि तरबूज खाने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही घंटों में उसकी मौत हो गई।

तीन अन्य बच्चे भी हुए बीमार
इस घटना में तीन अन्य बच्चे भी बीमार पड़ गए हैं, जिनमें अवारिद गांव के 4 वर्षीय श्री धीवर, खटोला के 12 वर्षीय पिंटू धीवर और कोटगढ़ के 13 वर्षीय हितेश धीवर शामिल हैं। सभी बच्चों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

डॉक्टरों ने क्या बताया?
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ एस कुजूर ने बताया कि बच्चों ने रविवार शाम घर में रखा हुआ पहले से कटा तरबूज खाया था। इसके कुछ ही घंटों बाद अखिलेश को उल्टी, दस्त और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। इसके बाद यही लक्षण अन्य बच्चों में भी सामने आए और उनकी हालत बिगड़ने लगी। सभी को अलग-अलग समय पर एम्बुलेंस से अस्पताल लाया गया, जहां अखिलेश को मृत घोषित कर दिया गया।

पोस्टमार्टम और जांच जारी
डॉक्टरों के अनुसार, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फॉरेंसिक जांच के लिए विसरा के नमूने सुरक्षित रखे गए हैं। साथ ही घर में मौजूद एक अन्य तरबूज को खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के लिए भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत और बीमारी के सही कारणों का पता फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

संक्रमण की आशंका से फूड प्वाइजनिंग का शक
डॉ एस कुजूर ने प्रारंभिक जानकारी में बताया कि तरबूज सुबह काटा गया था और कई घंटों बाद खाया गया, जिससे उसमें संक्रमण की संभावना बढ़ गई। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बच्चों को संक्रमित तरबूज खाने से फूड प्वाइजनिंग हुई हो सकती है।

Related posts