EMI ने छीन ली सांसें: मां-बेटे की मौत ने सिस्टम को कटघरे में खड़ा किया

महेंद्र सिंह
महेंद्र सिंह

लखनऊ के बंथरा के नींवा गांव की सुबह किसी आम दिन जैसी नहीं थी। यहां चाय की केतली नहीं उबली, बल्कि एक घर के भीतर मौत ने खामोशी से दस्तक दी। मां और बेटे की लाशें, मुंह से निकलता झाग, और बिखरी हुई उम्मीदें… ये सिर्फ एक खबर नहीं, सिस्टम की असफलता का पोस्टमार्टम है।

एक छोटा सा परिवार, एक छोटा सा ढाबा, और बड़ा सा कर्ज। सवाल सीधा है क्या बैंक की EMI अब मौत का वारंट बन चुकी है?

बंथरा का वो कमरा जहां जिंदगी हार गई

52 वर्षीय तारावती और 30 वर्षीय संदीप—दोनों अब इस दुनिया में नहीं हैं। पिता रूपनारायण जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं। सुबह जब छोटे बेटे कुलदीप ने दरवाजा खोला, तो सामने का दृश्य किसी हॉरर फिल्म से कम नहीं था। घर नहीं, जैसे दर्द का म्यूजियम बन चुका था।

पुलिस को मिला सुसाइड नोट—“हम खुद जिम्मेदार हैं।” लेकिन असली सवाल यही है—क्या सच में सिर्फ वही जिम्मेदार थे?

कर्ज: जरूरत से शुरू, तबाही पर खत्म

गांव के लोग बताते हैं कि परिवार का छोटा सा होटल था। कमाई सीमित, लेकिन EMI अनलिमिटेड। यही वो कहानी है जो हर छोटे शहर में दोहराई जा रही है पहले लोन लो, फिर लोन चुकाओ, फिर लोन से ही जियो… और अंत में लोन ही ले डूबता है।

रिकवरी एजेंट्स: कानून से ऊपर या कानून के बाहर

बैंकिंग एक्सपर्ट प्रशांत  दीक्षित का बड़ा बयान इस पूरे केस को और गंभीर बना देता है,

“RBI की गाइडलाइंस साफ कहती हैं कि रिकवरी एजेंट्स किसी भी उधारकर्ता को मानसिक रूप से प्रताड़ित नहीं कर सकते। लेकिन हकीकत ये है कि कई एजेंसियां नियमों को कागज तक सीमित रखती हैं। फोन बुक से नंबर निकालकर रिश्तेदारों और दोस्तों को कॉल करना, पब्लिक में बेइज्जत करना, धमकाना—ये सब खुलेआम हो रहा है।

उन्होंने बताया, कई मामलों में एजेंट्स दबंगई दिखाते हैं और लोगों को इस हद तक तोड़ देते हैं कि वे आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो जाते हैं। यह सिर्फ वित्तीय नहीं, सामाजिक हत्या है।”

मानसिक दबाव: दिखता नहीं, मार देता है

इस केस में सबसे खतरनाक चीज थी—साइलेंट प्रेशर। कोई गोली नहीं चली, कोई खून नहीं बहा… लेकिन पूरा परिवार खत्म हो गया। कर्ज सिर्फ पैसे का नहीं था, आत्मसम्मान का भी था। जब हर दिन फोन आए, हर गली में चर्चा हो, हर रिश्तेदार ताना मारे तो इंसान टूटता नहीं, बिखर जाता है।

सिस्टम पर सवाल: जिम्मेदार कौन

पुलिस जांच कर रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आएगी, केस फाइल बंद हो जाएगी। लेकिन जो सवाल उठे हैं, वो अभी जिंदा हैं क्या बैंक सिर्फ पैसे देखता है, इंसान नहीं क्या रिकवरी एजेंट्स पर कोई कंट्रोल है क्या छोटे कारोबारियों के लिए कोई सुरक्षा कवच है?

कर्ज नहीं, सिस्टम कातिल है

बंथरा का ये केस सिर्फ एक परिवार की मौत नहीं है, ये उस सिस्टम का आईना है जो “Loan Approved” तो जल्दी करता है, लेकिन “Life Support” देने में फेल हो जाता है।

आज एक घर उजड़ा है, कल ये आंकड़ा बन जाएगा। और हम फिर कहेंगे—“आर्थिक तंगी थी…”

सुवेंदु का दावा- ममता हारेंगी, बंगाल में सियासी सुनामी की आहट

Related posts

Leave a Comment