5 करोड़ घरों तक पहुंचेगा तिरंगा! स्वतंत्रता दिवस पर योगी सरकार का मेगा प्लान, पूरे यूपी में होंगे राष्ट्रभक्ति के भव्य आयोजन

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार इस बार स्वतंत्रता दिवस को जनभागीदारी का सबसे बड़ा राष्ट्रीय उत्सव बनाने की तैयारी में जुट गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रदेश के 5 करोड़ घरों तक राष्ट्रीय ध्वज पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास है। मुख्यमंत्री ने 14 और 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का अनिवार्य प्रसारण कराने के भी निर्देश दिए हैं।

9 से 15 अगस्त तक पूरे प्रदेश में होंगे राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि 9 अगस्त के काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस से लेकर 15 अगस्त तक पूरे प्रदेश में तिरंगा रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, चित्र एवं कला प्रदर्शनी, कैंडल मार्च, शहीद स्थलों पर श्रद्धांजलि और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस से जुड़े विशेष आयोजन किए जाएं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और राष्ट्रीय एकता के महत्व से जोड़ना है।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान को मिलेगा और व्यापक स्वरूप

उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में उत्तर प्रदेश ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में देशभर में मिसाल पेश की है और इस बार इसे और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने सरकारी विभागों, स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संगठनों, औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों समेत सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पिछले वर्षों का रिकॉर्ड, इस बार 5 करोड़ घरों का लक्ष्य

बैठक में जानकारी दी गई कि वर्ष 2022 में प्रदेश के 4.10 करोड़ घरों, वर्ष 2023 और 2024 में 4.50 करोड़ से अधिक घरों तथा वर्ष 2025 में 4.76 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराया गया था। इस वर्ष 5 करोड़ घरों तक तिरंगा पहुंचाने के लिए स्वयं सहायता समूहों, खादी एवं ग्रामोद्योग, एमएसएमई इकाइयों और स्थानीय उत्पादन केंद्रों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। आम लोगों को राशन की दुकानों, ग्राम पंचायत भवनों, जन सेवा केंद्रों, डाकघरों, तहसीलों और अन्य केंद्रों के माध्यम से तिरंगा उपलब्ध कराया जाएगा।

सरकारी भवनों से लेकर बाजारों तक दिखेगी तिरंगा थीम

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेशभर में तिरंगा संगीत समारोह, रंगोली, प्रकाश सज्जा और ‘सेल्फी विद तिरंगा’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। प्रमुख सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, हवाई अड्डों और बाजारों को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा। वहीं विद्यालयों और महाविद्यालयों में स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित प्रदर्शनी, वंदे मातरम् गायन, चित्रकला प्रतियोगिता और अन्य राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर होंगे विशेष आयोजन

मुख्यमंत्री ने 14 अगस्त को प्रत्येक जिला मुख्यालय पर विभाजन विषयक प्रदर्शनी, कैंडल मार्च और संवाद कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। विभाजन से प्रभावित पंजाबी, सिंधी, बंगाली और बांग्लादेश से आए शरणार्थी परिवारों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराए जाएंगे। साथ ही परिचर्चाओं और विचार गोष्ठियों के माध्यम से युवाओं को विभाजन के इतिहास, उसके प्रभाव और राष्ट्रीय एकता के महत्व से अवगत कराया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए एनसीसी, एनएसएस, स्वयंसेवी संगठनों और व्यापार मंडलों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

 

Related posts