दुबई: महिला क्रिकेट में एक बेहद दुर्लभ और चौंकाने वाला मुकाबला देखने को मिला, जब यूएई महिला टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल महिला प्रीमियर कप में सऊदी अरब को महज 5 गेंदों में हराकर बड़ी जीत दर्ज कर ली। हालांकि इतनी तेज जीत हासिल करने के बावजूद यूएई महिला टीम महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम गेंदों में जीत के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ने से चूक गई।
मलेशिया में खेले जा रहे टूर्नामेंट के ग्रुप-बी मुकाबले में यूएई ने पहले गेंदबाजी करते हुए सऊदी अरब की पूरी टीम को सिर्फ 27 रन पर समेट दिया। सऊदी अरब की पारी 15.3 ओवर में समाप्त हो गई। यूएई की ओर से सुरक्षा कोटे, हीना होतचंदानी और कप्तान ईशा ओजा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट अपने नाम किए।
27 रन के लक्ष्य का 5 गेंदों में किया पीछा
28 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। कप्तान ईशा ओजा और तीर्था सतीश ओपनिंग करने मैदान पर उतरीं। सऊदी अरब की ओर से पहला ओवर माह नूर आमिर ने फेंका, लेकिन उनका यह ओवर टीम के लिए बेहद महंगा साबित हुआ।
पहले ओवर में माह नूर आमिर की लाइन और लेंथ पूरी तरह बिखरी नजर आई। उन्होंने वाइड और नो-बॉल के रूप में कुल 11 अतिरिक्त रन दे दिए। वहीं कप्तान ईशा ओजा ने दो चौके और एक छक्का जड़ते हुए 15 रन बनाए, जबकि तीर्था सतीश ने एक चौका लगाकर 4 रन जोड़े। इसी के साथ यूएई ने सिर्फ 5 गेंदों में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
यूएई ने अपने नाम किया खास रिकॉर्ड
महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदों के हिसाब से यह यूएई की सबसे तेज जीत बन गई है। साथ ही यह संयुक्त रूप से दूसरी सबसे कम गेंदों में हासिल की गई जीत भी है। इस प्रदर्शन ने यूएई महिला टीम को रिकॉर्ड बुक में खास स्थान दिला दिया है।
सबसे तेज जीत का रिकॉर्ड अब भी कायम
महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम गेंदों में जीत हासिल करने का रिकॉर्ड अभी भी संयुक्त रूप से रवांडा, तंजानिया और थाईलैंड के नाम दर्ज है। रवांडा ने 2019 में माली के खिलाफ 7 रन का लक्ष्य सिर्फ 4 गेंदों में हासिल किया था। इसी साल तंजानिया ने माली के खिलाफ 12 रन का लक्ष्य 4 गेंदों में पूरा किया था।
वहीं, थाईलैंड महिला टीम ने 2023 में फिलीपींस के खिलाफ 10 रन का लक्ष्य केवल 4 गेंदों में हासिल कर इस रिकॉर्ड की बराबरी की थी। इसके बाद नेपाल महिला टीम ने 2019 में मालदीव के खिलाफ 17 रन का लक्ष्य 5 गेंदों में पूरा किया था।
अब यूएई महिला टीम ने भी सऊदी अरब के खिलाफ 5 गेंदों में जीत दर्ज कर नेपाल के इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है, लेकिन 4 गेंदों में जीत के विश्व रिकॉर्ड तक पहुंचने से एक कदम पीछे रह गई।
