लखनऊ: उत्तर प्रदेश में ठंड का असर अब तेजी से बढ़ने लगा है। रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बुधवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 10.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मंगलवार की रात इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिसंबर की शुरुआत तक रात का पारा 10 डिग्री से नीचे जा सकता है। सुबह और रात के समय ठंड का असर और तेज होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार के मुकाबले दिन के तापमान में 0.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जबकि रात का पारा 1.3 डिग्री गिर गया। हालांकि, अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से क्रमशः 1.6 और 0.1 डिग्री अधिक रहा।
सुबह की ठंड ने बढ़ाई परेशानी
बुधवार की सुबह इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह रही। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस था, जो बुधवार को घटकर 10.3 डिग्री पर आ गया। सुबह के समय ठंड का असर करीब नौ बजे तक बना रहा। इसके बाद धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली।
मौसम विभाग के मुताबिक, एक दिसंबर तक अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंचने की संभावना है। फिलहाल दिन का तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। बुधवार को आर्द्रता का अधिकतम स्तर 88 प्रतिशत दर्ज किया गया।
ठहरी हवा से बढ़ सकता है प्रदूषण
मौसम विभाग ने चेताया है कि हवा की गति कम होने और आर्द्रता बढ़ने से प्रदूषण का स्तर फिर ऊपर जा सकता है। अगले 24 से 72 घंटे के दौरान प्रदूषण बढ़ने की आशंका है। इस दौरान प्रदूषण का स्तर 300 के पार भी पहुंच सकता है।
सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने की सलाह
बदलते मौसम को देखते हुए डॉक्टरों ने सुबह और शाम शरीर को गर्म कपड़ों से ढककर रखने की सलाह दी है। खासतौर पर हाथ, पैर, सिर और कानों को ठंड से बचाना जरूरी है। ठंडे पेय पदार्थ, आइसक्रीम, फ्रिज में रखा ठंडा खाना और सलाद खाने से परहेज करने की सलाह दी गई है।
नवंबर में 1997 में दर्ज हुआ था 5 डिग्री तापमान
नवंबर के पुराने रिकॉर्ड पर नजर डालें तो 29 नवंबर 1997 को न्यूनतम तापमान गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इसके बाद नवंबर में सबसे कम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले साल 27 नवंबर 2025 को न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था।
