गोरखपुर: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने बूथ स्तर पर बड़ा अभियान शुरू किया है। बुधवार को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इन सम्मेलनों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष समेत पार्टी के मंत्री और वरिष्ठ पदाधिकारी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी गोरखपुर में बूथ अध्यक्षों को संगठन मजबूत करने और चुनावी रणनीति का संदेश देंगे।
गोरखपुर में 892 बूथ अध्यक्षों को संबोधित करेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 10 बजे योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यहां गोरखपुर शहर और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के कुल 892 बूथ अध्यक्ष मौजूद रहेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करना तथा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करना है।
प्रदेशभर में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी
भाजपा ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित करने की रणनीति बनाई है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सीतापुर में बूथ सम्मेलन में शामिल होंगे। वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बरेली और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शाहजहांपुर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके अलावा अन्य मंत्री और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी भी अलग-अलग जिलों में आयोजित सम्मेलनों में हिस्सा लेंगे।
बूथ संगठन को मजबूत करने पर रहेगा जोर
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि पार्टी पूरे प्रदेश में एक साथ बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित कर रही है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बूथ अध्यक्षों को विधानसभा चुनाव 2027 में सफलता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक संगठनात्मक दिशा-निर्देश देंगे। महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता के मुताबिक गोरखपुर शहर और ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के सभी 892 बूथ अध्यक्ष मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे।
गुरुवार को 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार 23 जुलाई को गोरखपुर में 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान 813.52 करोड़ रुपये लागत की चार परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा, जबकि 181.77 करोड़ रुपये की 10 नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी होगा। कार्यक्रम सिक्सलेन फ्लाईओवर के पास देवरिया बाईपास स्थित मैदान में आयोजित जनसभा के साथ होगा।
10 नई विकास परियोजनाओं का होगा शिलान्यास
मुख्यमंत्री जिन परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, उनमें श्रमजीवी महिला छात्रावास, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, गोरखपुर विश्वविद्यालय चौक के पास साइंस म्यूजियम का निर्माण, नंदानगर पुलिस चौकी मार्ग पर अंडरपास और सर्विस रोड का निर्माण तथा शहर की विभिन्न कॉलोनियों में सीसी रोड निर्माण जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
इन चार प्रमुख परियोजनाओं का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर 429.49 करोड़ रुपये लागत से बने सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा पैडलेगंज चौराहे से फिराक गोरखपुरी चौराहे तक 277.77 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन चौड़ीकरण, एयरफोर्स स्टेशन परिसर स्थित एमईएस ऑफिस कॉम्प्लेक्स की 103.51 करोड़ रुपये की शिफ्टिंग परियोजना तथा थाना गुलरिहा में 2.74 करोड़ रुपये की लागत से बने 48 क्षमता वाले हॉस्टल, बैरक और विवेचना कक्ष का भी उद्घाटन किया जाएगा।
