लखनऊ: भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती ने राजधानी लखनऊ में लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। रविवार को शहर के कई इलाकों में बिजली संकट को लेकर लोगों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। हालात इतने बिगड़ गए कि एक जगह नाराज लोगों ने बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE) का पीछा कर दिया। बताया जा रहा है कि अधिकारी को अपनी जान बचाने के लिए करीब 13 किलोमीटर तक वाहन दौड़ाना पड़ा।
बिजली कटौती से भड़के लोग, उपकेंद्रों पर हंगामा
शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय और एफसीआई उपकेंद्र क्षेत्र के उपभोक्ता पिछले कई दिनों से रात के समय लगातार बिजली कटौती से परेशान थे। शनिवार रात बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद लोगों का धैर्य जवाब दे गया। विभिन्न कॉलोनियों के लोगों ने उपकेंद्रों का घेराव कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब फॉल्ट ठीक कराने पहुंचे बिजली विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच तीखी बहस हो गई।
JE का पीछा करते हुए 13 किलोमीटर तक पहुंचे लोग
जानकारी के अनुसार, एफसीआई उपकेंद्र क्षेत्र में बिजली समस्या को लेकर नाराज लोगों ने जूनियर इंजीनियर जहांगीर आलम को घेर लिया। हालात बिगड़ते देख अधिकारी अपनी कार से वहां से निकल गए, लेकिन गुस्साए लोग बाइक और अन्य वाहनों से उनका पीछा करने लगे।
बताया जा रहा है कि जेई ने आलमनगर ओवरब्रिज की ओर वाहन दौड़ाया और बाद में दिशा बदलते हुए आगरा एक्सप्रेस-वे की तरफ निकल गए। करीब 13 किलोमीटर तक पीछा किए जाने के बाद वह सुरक्षित स्थान तक पहुंच सके। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अंबेडकर विश्वविद्यालय उपकेंद्र पर भी प्रदर्शन
पीजीआई क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अंबेडकर विश्वविद्यालय उपकेंद्र में भी बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज उपभोक्ताओं ने कई बार उपकेंद्र पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और बिजली आपूर्ति बंद करा दी। हर बार पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद समय पर फॉल्ट ठीक नहीं किए जा रहे, जिससे घंटों बिजली गुल रहती है।
कई इलाकों में रातभर बिजली संकट
एफसीआई उपकेंद्र से जुड़े जाहिद नगर, हर्षनगर, नाजिम नगर, कुंदन विहार, भपटामऊ, पिंक सिटी, बुद्धेश्वर विहार और आदर्श विहार जैसे इलाकों में रातभर बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। वहीं उतरेठिया, साउथ सिटी, पिपरौली, कल्ली पश्चिम, सैनिक नगर, तेलीबाग और नीलमथा समेत कई क्षेत्रों में भी बिजली के बार-बार आने-जाने की शिकायतें सामने आईं।
दुबग्गा क्षेत्र में लोगों ने बिजली कटौती के विरोध में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। हालांकि कुछ समय बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, लेकिन दोबारा बाधित होने से लोगों की नाराजगी और बढ़ गई।
200 गांवों में 12 घंटे तक अंधेरा
नगराम क्षेत्र के समेसी उपकेंद्र में तकनीकी खराबी आने से बहरौली, नगराम, मीरख नगर समेत करीब 200 गांवों की बिजली आपूर्ति लगभग 12 घंटे तक ठप रही। वहीं गोसाईंगंज क्षेत्र की कई कॉलोनियों में भी पूरी रात अंधेरा छाया रहा।
इसके अलावा विकासनगर में बिजली के खंभे और तारों में आग लगने की घटना भी सामने आई, जिससे आपूर्ति प्रभावित हुई।
48 घंटे से बिना बिजली के मंडी
काकोरी स्थित दुबग्गा सब्जी और फल मंडी में पिछले 48 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण व्यापारियों और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रांसफार्मरों में आग लगने के बाद बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे पानी की आपूर्ति और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी प्रभावित हुईं।
बिजली विभाग ने दिया आश्वासन
अमौसी जोन के मुख्य अभियंता राम कुमार ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में ओवरलोडिंग और तकनीकी फॉल्ट के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि शकुंतला मिश्रा उपकेंद्र पर एक सप्ताह के भीतर पांच एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा, जिससे समस्या में राहत मिलने की उम्मीद है।
