नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लोगों के लिए जरूरी खबर है। सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा कारणों से गुरुवार को भी दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशनों पर प्रवेश और निकास सेवाएं बंद रहेंगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने बताया कि यह व्यवस्था सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक लागू रहेगी।
इन 16 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद
डीएमआरसी के अनुसार लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट अगले आदेश तक बंद रहेगी।
इन स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा रहेगी जारी
हालांकि, यात्रियों को राहत देते हुए डीएमआरसी ने स्पष्ट किया है कि राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा पहले की तरह उपलब्ध रहेगी। यानी यात्री इन स्टेशनों पर केवल लाइन बदल सकेंगे, लेकिन स्टेशन से बाहर निकलने या अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।
इस सप्ताह दूसरी बार बंद किए गए स्टेशन
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर इस सप्ताह दूसरी बार मेट्रो स्टेशनों पर प्रतिबंध लगाया गया है। इससे पहले 20 जुलाई को सीजेपी के संसद मार्च के दौरान राजीव चौक समेत पांच मेट्रो स्टेशनों को बंद किया गया था। बुधवार को भी यही 16 स्टेशन बंद रखे गए थे।
मेट्रो स्टेशन बंद होने पर विपक्ष ने उठाए सवाल
मेट्रो स्टेशनों को बंद किए जाने और प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्षी नेताओं ने सरकार की आलोचना की है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सवाल उठाते हुए कहा कि निहत्थे प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग क्यों किया गया। उन्होंने कहा कि मेट्रो स्टेशन बंद करने से आंदोलन नहीं रुकेगा और सरकार को छात्रों तथा प्रदर्शनकारियों की बात सुननी चाहिए।
इंटरनेट सेवा बंद करने का भी लगाया आरोप
सीजेपी की ओर से आरोप लगाया गया है कि जंतर-मंतर के आसपास इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या सरकार आंदोलन के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
