NEET मुद्दे पर राहुल गांधी का गांधी स्मृति मार्च, पुलिस ने रास्ते में रोका; विपक्षी सांसदों के साथ किया जोरदार विरोध प्रदर्शन

नई दिल्ली: नीट पेपर लीक और छात्रों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी गुरुवार को एक बार फिर आक्रामक नजर आए। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इंडिया गठबंधन के कई सांसद गांधी स्मृति पहुंचे। इस दौरान उनके काफिले को रास्ते में पुलिस ने रोक दिया, जिससे कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी। बाद में उन्हें आगे जाने की अनुमति दे दी गई। इससे पहले सभी विपक्षी नेता राहुल गांधी के आवास पर एकत्र हुए थे, जहां से वे बस के जरिए गांधी स्मृति के लिए रवाना हुए। रास्ते में पुलिस ने बैरिकेडिंग कर बसों को रोक दिया।

गांधी स्मृति में निकाला मार्च, बनाई ह्यूमन चेन

गांधी स्मृति पहुंचने के बाद राहुल गांधी और विपक्षी सांसदों ने अपने मोबाइल की टॉर्च जलाकर मार्च निकाला। इस दौरान सांसदों ने ह्यूमन चेन भी बनाई। राहुल गांधी और अन्य नेताओं के हाथों में संविधान की प्रतियां थीं, जबकि कई प्रदर्शनकारी अलग-अलग संदेश वाले पोस्टर लेकर पहुंचे। कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने कहा कि उन्हें मोदी सरकार की किसी बात पर भरोसा नहीं है।

छात्रों के मुद्दे पर सरकार को घेरने की रणनीति

इससे पहले कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के कई दलों के नेता राहुल गांधी के 5, सुनहरी बाग रोड स्थित आवास पर जुटे। बैठक में छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के मुद्दे को संसद से लेकर सड़क तक उठाने की रणनीति पर चर्चा की गई। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने छात्रों के मुद्दे पर सरकार पर दबाव बढ़ाने को लेकर विपक्षी सांसदों से बातचीत की।

बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, जयराम रमेश, के.सी. वेणुगोपाल, पी. चिदंबरम, प्रमोद तिवारी, के. सुरेश और प्रणीति शिंदे समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा राजद, माकपा, आरएसपी और तृणमूल कांग्रेस सहित इंडिया गठबंधन के अन्य दलों के सांसद भी बैठक में शामिल हुए।

एक्स पर पोस्ट कर दी थी मार्च की जानकारी

गांधी स्मृति मार्च से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर बताया था कि इंडिया गठबंधन के सांसद और नेता शांतिपूर्ण तरीके से तीस जनवरी मार्ग स्थित गांधी स्मृति जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह मार्च उन छात्रों की याद में है जिन्होंने नीट पेपर लीक के बाद अपनी जान गंवाई और उन छात्रों के समर्थन में है जो न्याय और जवाबदेही की मांग करते हुए घायल हुए। राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि भारत के छात्र अकेले नहीं हैं और पूरा विपक्ष उनके साथ खड़ा है।

 

Related posts