यूपी में 5 से 21 जून तक चलेगा जनकल्याण अभियान, श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने पर रहेगा विशेष फोकस

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में श्रम एवं सेवायोजन विभाग 5 जून से 21 जून तक व्यापक जनकल्याण अभियान चलाएगा। ’12 साल विश्वास के, विकास के’ थीम पर आयोजित इस अभियान के तहत श्रमिक कल्याण योजनाओं के प्रचार-प्रसार, रोजगार सेवाओं के विस्तार, कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) कवरेज बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण और योग कार्यक्रमों सहित कई गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय अधिकारियों को कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।

विश्व पर्यावरण दिवस पर शुरू होगा विशेष अभियान

श्रम मंत्री ने निर्देश दिए कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विभागीय कार्यालयों, अटल आवासीय विद्यालयों, विहान विद्यालयों और ईएसआई अस्पतालों में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही सभी परिसरों को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान भी संचालित किया जाएगा।

जनसंपर्क कार्यक्रमों के जरिए दी जाएगी योजनाओं की जानकारी

8 जून से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान श्रम संहिताओं, श्रमिकों की समस्याओं, कर्मचारी राज्य बीमा सेवाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं के संबंध में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अधिक से अधिक श्रमिकों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाए।

ईएसआई से जोड़ने के लिए लगेंगे विशेष शिविर

अभियान के दौरान पात्र श्रमिकों को कर्मचारी राज्य बीमा योजना से जोड़ने के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। साथ ही जनकल्याण मेलों का आयोजन कर रोजगार संगम पोर्टल, सेवामित्र योजना, विदेशों में रोजगार के अवसर और बाल श्रम उन्मूलन अभियान से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

विभागीय योजनाओं की लगेगी प्रदर्शनी

17 जून से 20 जून तक विभागीय योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से आमजन और श्रमिकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर होंगे विशेष आयोजन

अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर होगा। इस दिन विभागीय कार्यालयों, ईएसआई अस्पतालों और औद्योगिक इकाइयों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि योग दिवस को व्यापक स्तर पर मनाया जाए और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

बैठक में प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन, विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, सेवायोजन निदेशक, कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अधिकारी तथा विभिन्न श्रमिक कल्याण बोर्डों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

 

Related posts