नवी मुंबई: महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित तुर्भे इलाके में रविवार सुबह एक तेल गोदाम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मेफको मार्केट में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और आसपास की इमारतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, आग दो इमारतों तक फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ उसे आसपास के इलाकों में फैलने से रोकने की कोशिश में जुट गईं। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
तेल गोदाम से उठीं आग की ऊंची लपटें
प्रत्यक्षदर्शी राकेश ने बताया कि आग सबसे पहले एक स्थान पर लगी थी, लेकिन कुछ ही देर में फैलकर आसपास की इमारतों तक पहुंच गई। उन्होंने मौके पर मौजूद पत्रकारों को बताया कि आग की चपेट में दो इमारतें आ चुकी हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया।
कलंबोली में भी आग के दौरान हुआ था जोरदार धमाका
इससे पहले नवंबर की शुरुआत में नवी मुंबई के कलंबोली स्टील मार्केट में भी आग लगने की घटना सामने आई थी। वहां एक गैरेज और गोदाम में लगी आग बुझाने के दौरान जोरदार धमाका हुआ था। इस घटना में एक दमकलकर्मी घायल हो गया था। अधिकारियों के मुताबिक, उस गोदाम में रखे थिनर के कई ड्रमों में आग लगने के कारण विस्फोट हुआ था।
थिनर के ड्रमों में धमाके से झुलसा था दमकलकर्मी
डिप्टी फायर ऑफिसर मनीष ब्रह्मनकर ने बताया था कि कलंबोली में शनिवार रात करीब 10:30 बजे दमकल विभाग के कंट्रोल रूम को एक दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद तत्काल टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आग दुकान में नहीं, बल्कि एक गैरेज और गोदाम परिसर में लगी थी।
उन्होंने बताया कि आग बुझाने के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ। बाद में पता चला कि गोदाम में थिनर से भरे कई ड्रम रखे हुए थे। दमकल विभाग को पहले अंदर रखे रसायनों की जानकारी नहीं थी। धमाके की चपेट में आने से एक दमकलकर्मी 5 से 6 प्रतिशत तक झुलस गया था, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गोदाम मालिक लापता, आग लगने की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
अधिकारियों के मुताबिक, कलंबोली की घटना में गोदाम का मालिक भी लापता था। इस संबंध में पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी थी। वहीं, तुर्भे के मेफको मार्केट में लगी ताजा आग को लेकर भी दमकल विभाग की कार्रवाई जारी है।
