चेन्नई: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स का सफर खत्म होने के साथ ही एक बार फिर एमएस धोनी के भविष्य को लेकर चर्चा तेज हो गई है। चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर रहे धोनी इस बार एक भी मुकाबला खेलते नजर नहीं आए। आईपीएल इतिहास में यह पहला मौका रहा जब माही लीग चरण के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बने। ऐसे में फैंस अब यह जानना चाहते हैं कि क्या धोनी अगले सीजन यानी IPL 2027 में वापसी करेंगे या नहीं।
ऋतुराज गायकवाड़ ने दिया बड़ा बयान
गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी लीग मैच में हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ से जब एमएस धोनी के भविष्य को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बेहद दिलचस्प जवाब दिया।
गायकवाड़ ने कहा कि अगले साल ही पता चल पाएगा कि धोनी खेलेंगे या नहीं। उन्होंने कहा, “आपको और मुझे, हम दोनों को अगले साल ही इस बारे में जानकारी मिलेगी। इस सीजन हमें उनकी कमी काफी महसूस हुई। वह आखिरी ओवरों में सिर्फ क्रीज पर मौजूद रहकर भी मैच का रुख बदल सकते हैं।”
हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि फिलहाल टीम अपने मौजूदा खिलाड़ियों से संतुष्ट है और अगले सीजन को लेकर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी।
धोनी की गैरमौजूदगी से कमजोर दिखी CSK
आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स पूरे सीजन संघर्ष करती नजर आई। टीम को अपने आखिरी लीग मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 89 रन से बड़ी हार झेलनी पड़ी। इस हार के साथ CSK का अभियान समाप्त हो गया।
धोनी की अनुपस्थिति का असर टीम की बल्लेबाजी और फिनिशिंग दोनों पर साफ दिखाई दिया। कई मुकाबलों में चेन्नई अंतिम ओवरों में मैच खत्म करने में नाकाम रही।
हार के लिए बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों जिम्मेदार
गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार पर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा कि टीम पावरप्ले में अच्छी गेंदबाजी नहीं कर सकी। उन्होंने माना कि गुजरात के सलामी बल्लेबाजों ने शानदार शुरुआत की और उनकी टीम विपक्षी स्कोर को 200 रन के अंदर रोकने में असफल रही।
गायकवाड़ ने कहा, “शुरुआत में विकेट थोड़ा नरम था, लेकिन हमने पावरप्ले में अच्छी गेंदबाजी नहीं की। हमारे पास उन्हें 200 से कम पर रोकने का मौका था, लेकिन हम ऐसा नहीं कर पाए।”
चोटों ने बिगाड़ा टीम का संतुलन
CSK कप्तान ने माना कि पूरे सीजन में खिलाड़ियों की चोट टीम के लिए बड़ी समस्या बनी रही। उन्होंने कहा कि लगातार तीन हार के बाद टीम ने लय पकड़नी शुरू की थी, लेकिन अहम खिलाड़ियों के चोटिल होने से संतुलन बिगड़ गया।
गायकवाड़ के मुताबिक, रामकृष्ण घोष और ओवरटन के बाहर होने से टीम संयोजन प्रभावित हुआ और पिछले कुछ मुकाबलों में टीम को बल्लेबाजी या गेंदबाजी विभाग में कमी महसूस हुई।
फैंस को अब धोनी के फैसले का इंतजार
एमएस धोनी के भविष्य को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ऋतुराज गायकवाड़ के बयान के बाद एक बार फिर उम्मीद जगी है कि माही अगले सीजन में वापसी कर सकते हैं। अब सभी की नजरें धोनी के अगले फैसले पर टिकी हैं।
