यूपी में IPS अधिकारियों का बड़ा फेरबदल, रामपुर समेत कई जिलों में बदले पुलिस अफसर, जारी हुई पूरी ट्रांसफर लिस्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पांच आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। जारी आदेश के तहत कई महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं। इस तबादला सूची में रामपुर के पुलिस अधीक्षक का नाम भी शामिल है, जिसके बाद जिले में पुलिस नेतृत्व बदल गया है।

राज्य सरकार के आदेश के अनुसार, सुरक्षा मुख्यालय लखनऊ में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात अनिल कुमार सिंह को रामपुर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, रामपुर के पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना का तबादला करते हुए उन्हें क्षेत्रीय अभिसूचना, आगरा में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

रामपुर में नए एसपी की तैनाती पर बढ़ी चर्चा

रामपुर में आजम खां के जौहर विश्वविद्यालय में प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई से पहले पुलिस अधीक्षक का तबादला होने को लेकर प्रशासनिक हलकों में इस फैसले की चर्चा तेज हो गई है। गृह विभाग के आदेश के बाद अनिल कुमार सिंह अब रामपुर की कानून-व्यवस्था की कमान संभालेंगे।

इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

जारी तबादला आदेश के तहत ललितपुर के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुस्ताक को पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ बनाया गया है। वहीं, पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के पद पर कार्यरत गोपाल कृष्ण चौधरी को 32वीं वाहिनी पीएसी, लखनऊ का सेनानायक नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा, एटा में 43वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक संजीव कुमार बाजपेई को ललितपुर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

एक सप्ताह पहले भी हुआ था बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

इससे पहले भी उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव करते हुए कई वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला किया था। उस दौरान 20 आईएएस अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए थे। इनमें शुभा वर्मा को राजस्व विभाग से स्थानांतरित कर श्रमायुक्त बनाया गया था, जबकि डॉ. सारिका मोहन को महानिदेशक, निबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

इसी क्रम में नेहा शर्मा को महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग का दायित्व दिया गया था। वहीं, अरुण कुमार को अपर निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म के पद से स्थानांतरित कर उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का मिशन निदेशक नियुक्त किया गया था।

 

Related posts