पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर केजरीवाल का केंद्र पर बड़ा हमला, बोले- जनता को दिया जा रहा ‘धीमा जहर’

नई दिल्ली: पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार ईंधन के दाम बढ़ाकर आम लोगों पर आर्थिक बोझ डाल रही है और देशवासियों को “धीमा जहर” दिया जा रहा है।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले 10 से 15 दिनों के भीतर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीसरी बार बढ़ोतरी की गई है। उनके मुताबिक इस दौरान ईंधन की कीमतें करीब 4 से 5 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम परिवारों के लिए घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है।

देश में तेल-गैस की किल्लत का दावा

केजरीवाल ने दावा किया कि देश के कई हिस्सों में पेट्रोल, डीजल और गैस की किल्लत जैसी स्थिति बन गई है। उन्होंने कहा कि गुजरात समेत कई राज्यों से पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों और लोगों के बीच विवाद की खबरें सामने आ रही हैं।

उन्होंने गोरखपुर का उदाहरण देते हुए कहा कि लोग गैस सिलेंडर भरवाने के लिए रातभर सड़कों पर इंतजार कर रहे हैं। वहीं महाराष्ट्र के अकोला और बुलढाणा में भी पेट्रोल-डीजल को लेकर अफरा-तफरी की स्थिति बताई जा रही है।

रूस और ईरान से सस्ता तेल खरीदने की उठाई मांग

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि रूस और ईरान भारत को सस्ते दामों पर तेल और गैस देने के लिए तैयार हैं, लेकिन केंद्र सरकार इसे स्वीकार नहीं कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सस्ता ईंधन उपलब्ध हो सकता है तो सरकार उसे खरीदने से क्यों बच रही है।

उन्होंने देशवासियों से भी राय मांगी कि क्या भारत सरकार को रूस और ईरान से सस्ते दामों पर तेल और गैस खरीदनी चाहिए या नहीं। केजरीवाल ने कहा कि यह देश 140 करोड़ लोगों का है और जनता की आवाज सरकार तक पहुंचनी चाहिए।

सोशल मीडिया पर साझा किया वीडियो

आप प्रमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोग लगातार बढ़ती कीमतों और भविष्य में और महंगे होने की आशंका से परेशान हैं, लेकिन सरकार स्थिति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रही है।

केजरीवाल ने कहा कि जनता जानना चाहती है कि आने वाले दिनों में हालात कितने गंभीर हो सकते हैं और सरकार महंगाई रोकने के लिए क्या कदम उठा रही है।

 

Related posts