यीडा में 3195 करोड़ का निवेश, यूपी में 10 हजार से ज्यादा रोजगार के अवसर; एस्कार्ट्स कुबोटा और मिंडा की परियोजनाओं का वर्चुअल भूमिपूजन

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश और रोजगार को लेकर बुधवार को बड़ा कदम सामने आया। नई दिल्ली में आयोजित उत्तर प्रदेश-जापान निवेश सम्मेलन 2026 में एस्कार्ट्स कुबोटा लिमिटेड और मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड की यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में प्रस्तावित 3195 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का वर्चुअल भूमिपूजन किया गया। इन परियोजनाओं से 10 हजार से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना जताई गई है।

एस्कार्ट्स कुबोटा लगाएगी 2029 करोड़ की विनिर्माण इकाई

एस्कार्ट्स कुबोटा लिमिटेड यीडा के सेक्टर-10 में 2029 करोड़ रुपये का निवेश कर विनिर्माण इकाई स्थापित कर रही है। कंपनी यहां ट्रैक्टर और निर्माण उपकरण से जुड़े उत्पादों का निर्माण करेगी। इस परियोजना से 3800 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

मिंडा की दो परियोजनाओं में 1166 करोड़ का निवेश

मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड यीडा में दो बड़ी विनिर्माण परियोजनाएं शुरू कर रही है। कंपनी इन दोनों परियोजनाओं में कुल 1166 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इनसे करीब 6440 रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।

इन परियोजनाओं के शुरू होने से प्रत्यक्ष रोजगार के अलावा यीडा क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही सहायक उद्योगों और आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े कारोबार के लिए नए अवसर पैदा होने की संभावना है।

योगी बोले- निवेश और नवाचार का नया केंद्र बना यूपी

वर्चुअल भूमिपूजन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और निवेश तथा नवाचार के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, स्पष्ट नीति, साफ नीयत और दृढ़ संकल्प के साथ निरंतर सुधार करते हुए उत्तर प्रदेश भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में सुरक्षा, स्थायित्व और गति के साथ प्रदेश के बजट, सकल राज्य घरेलू उत्पाद और प्रति व्यक्ति आय को तीन गुना करने में सफलता मिली है।

योगी ने भारत-जापान संबंधों को बताया साझा मूल्यों पर आधारित

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और जापान के संबंध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विश्वास पर आधारित हैं। उन्होंने दोनों देशों के संबंधों में भगवान बुद्ध की करुणा, जीवन का अनुशासन और मध्यम मार्ग के साथ साझा मूल्यों की भूमिका का उल्लेख किया।

शिवराज बोले- दो संस्कृतियों और सभ्यताओं का संगम

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत और जापान दो अत्यंत प्राचीन और महान राष्ट्र हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों का संबंध केवल दो देशों के बीच का संबंध नहीं है, बल्कि यह दो संस्कृतियों का संवाद, दो सभ्यताओं का संगम और दो संकल्पों का समन्वय है।

अश्विनी वैष्णव ने निवेश सम्मेलन को बताया अहम पहल

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि उत्तर प्रदेश-जापान निवेश सम्मेलन भारत-जापान और उत्तर प्रदेश तथा यामानाशी प्रांत के संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक वृद्धि को दुनिया ने स्वीकार किया है और देश छह से आठ प्रतिशत की सतत वृद्धि दर, नियंत्रित महंगाई और स्वस्थ बैलेंस शीट के साथ आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना, एस्कार्ट्स कुबोटा लिमिटेड के अध्यक्ष शिंगो हानाडा और स्पार्क मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक आकाश मिंडा भी मौजूद रहे।

 

Related posts