इंदौर की बेटी प्रिया पाटीदार ने बॉलीवुड में बनाई पहचान, ‘वेलकम टू द जंगल’ के टाइटल ट्रैक में शान के साथ दी आवाज

इंदौर : शहर के मंचों से अपने संगीत सफर की शुरुआत करने वाली गायिका प्रिया पाटीदार अब बॉलीवुड में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रही हैं। इंदौर के रवींद्र नाट्य गृह से गायन की शुरुआत करने वाली प्रिया ने मल्टीस्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ के टाइटल ट्रैक में मशहूर गायक शान के साथ अपनी आवाज दी है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में नया मुकाम हासिल किया है।

प्रिया को यह बड़ा मौका संगीतकार विक्रम मोंट्रोज ने दिया। उन्होंने रिकॉर्डिंग के लिए प्रिया को मुंबई बुलाया था। स्टूडियो पहुंचने के बाद प्रिया को पता चला कि वह फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ के टाइटल सॉन्ग के लिए रिकॉर्डिंग करने जा रही हैं। शान जैसे प्रतिष्ठित गायक के साथ गाना प्रिया के लिए किसी सपने के सच होने जैसा रहा। यह फिल्म 26 जून को रिलीज होने जा रही है।

प्रिया ने बताया कि उनके पिता घनश्याम पाटीदार और मां सुनीता पाटीदार का सपना था कि वह एक सफल गायिका बनें। संगीत से उनका रिश्ता बचपन से ही जुड़ गया था। महज चार साल की उम्र में उन्होंने पहली बार रवींद्र नाट्य गृह के मंच पर प्रस्तुति दी थी। इसके बाद इंदौर के कई मंचों पर उन्होंने अपनी गायकी का हुनर दिखाया और संगीत की विधिवत शिक्षा भी हासिल की। बड़े अवसरों की तलाश उन्हें मुंबई तक ले गई।

बचपन से संगीत में रची-बसी रहीं प्रिया

प्रिया का कहना है कि संगीत के प्रति उनका लगाव उन्हें अपनी मां से विरासत में मिला। उनकी मां भी गायिका बनना चाहती थीं, लेकिन उस दौर में संगीत को करियर के रूप में स्वीकार्यता कम थी, जिसके चलते उनका सपना अधूरा रह गया। यही वजह रही कि उन्होंने बचपन से ही प्रिया को संगीत की शिक्षा और मार्गदर्शन देना शुरू कर दिया।

प्रिया ने कहा कि उन्होंने कभी किसी दूसरे पेशे के बारे में सोचा ही नहीं। बचपन से उनका सपना फिल्मों में गाने और मुंबई में रहकर संगीत की दुनिया में पहचान बनाने का था। किशोरावस्था में वह अपने इसी सपने को लेकर मुंबई पहुंचीं और पिछले 18 वर्षों से लगातार संघर्ष करती रहीं।

उन्होंने बताया कि इस सफर में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन संघर्ष ने उन्हें धैर्य, मेहनत और दृढ़ता का महत्व सिखाया। प्रिया के मुताबिक उन्हें हमेशा भरोसा था कि एक दिन उन्हें बड़ा मौका जरूर मिलेगा, चाहे उसमें समय लगे।

रिकॉर्डिंग से पहले नहीं थी फिल्म की जानकारी

प्रिया ने बताया कि इससे पहले भी वह संगीतकार विक्रम मोंट्रोज के साथ कुछ प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुकी थीं। एक दिन विक्रम ने उन्हें रिकॉर्डिंग सेशन के लिए बुलाया, लेकिन उन्होंने यह तक नहीं पूछा कि यह किसी फिल्म का गाना है या कोई दूसरा प्रोजेक्ट।

जब स्टूडियो में ‘वेलकम’ का टाइटल ट्रैक सुनाया गया तो वह उत्साहित और भावुक हो गईं। उन्होंने अपना हिस्सा रिकॉर्ड किया और इसके बाद लंबे समय तक गाने के बारे में कोई जानकारी नहीं ली। प्रिया का कहना है कि वह भावनात्मक रूप से जल्द जुड़ना नहीं चाहती थीं, इसलिए उन्होंने खुद कभी संपर्क नहीं किया।

कुछ दिन पहले विक्रम मोंट्रोज का फोन आया और उन्होंने बताया कि गाना प्रिया की आवाज में रिलीज हो चुका है। यह खबर सुनकर वह बेहद भावुक और अभिभूत हो गईं।

रीमेक ट्रैक को लेकर नहीं लिया दबाव

प्रिया ने कहा कि उन्हें रिकॉर्डिंग के दौरान इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि वह इतने प्रतिष्ठित गाने का हिस्सा बनने जा रही हैं। बचपन से वह साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘वेलकम’ देखती और उसके गाने गुनगुनाती रही हैं। ऐसे में इस टाइटल ट्रैक से जुड़ना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा।

उन्होंने कहा कि रिकॉर्डिंग के दौरान उनके मन में रीमेक, आलोचना या ट्रोलिंग जैसी कोई बात नहीं थी। वह सिर्फ इस मौके को जीना चाहती थीं और इतने बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने के लिए खुद को भाग्यशाली मानती हैं।

फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में अक्षय कुमार, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, परेश रावल, रवीना टंडन, दिशा पटानी, लारा दत्ता, जैकलीन फर्नांडीज, श्रेयस तलपड़े, आफताब शिवदासानी, मीका सिंह, मुकेश तिवारी, जाकिर हुसैन, यशपाल शर्मा, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, दलेर मेहंदी, तुषार कपूर और सयाजी जैसे कलाकार नजर आएंगे।

 

 

Related posts