मुंबई: देश में सुरक्षित निवेश के विकल्पों की बात आती है तो बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FD आज भी लोगों की पहली पसंद बनी हुई है। बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच एफडी निवेशकों को तय समय पर निश्चित ब्याज के साथ सुरक्षित रिटर्न देती है। इसी बीच सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक बैंक ऑफ इंडिया अपनी खास एफडी स्कीम पर आकर्षक ब्याज दर ऑफर कर रहा है।
बैंक ऑफ इंडिया की ‘स्टार स्वर्णिम’ नाम की 450 दिनों की स्पेशल एफडी स्कीम इस समय सबसे ज्यादा चर्चा में है। बैंक इस स्कीम में अलग-अलग श्रेणी के ग्राहकों को शानदार ब्याज दर दे रहा है।
450 दिनों की ‘स्टार स्वर्णिम’ FD पर मिल रहा सबसे ज्यादा ब्याज
बैंक ऑफ इंडिया अपने ग्राहकों को 7 दिनों से लेकर 10 साल तक की अवधि के लिए एफडी कराने की सुविधा देता है। बैंक फिलहाल एफडी पर 3.00 प्रतिशत से लेकर अधिकतम 7.25 प्रतिशत तक ब्याज दे रहा है।
सबसे ज्यादा ब्याज 450 दिनों की स्पेशल ‘स्टार स्वर्णिम’ एफडी स्कीम पर दिया जा रहा है। इस योजना में सामान्य नागरिकों को 6.60 प्रतिशत, वरिष्ठ नागरिकों को 7.10 प्रतिशत और अति वरिष्ठ नागरिकों को 7.25 प्रतिशत की दर से ब्याज मिल रहा है।
₹2 लाख जमा करने पर कितना मिलेगा रिटर्न?
अगर कोई सामान्य नागरिक बैंक ऑफ इंडिया की 450 दिनों वाली एफडी स्कीम में ₹2,00,000 जमा करता है, तो मैच्यॉरिटी पर उसे कुल ₹2,16,810 मिलेंगे। इसमें ₹16,810 केवल ब्याज के रूप में शामिल होगा।
वहीं, वरिष्ठ नागरिक अगर इसी स्कीम में ₹2 लाख निवेश करते हैं तो उन्हें मैच्यॉरिटी पर कुल ₹2,18,128 मिलेंगे। यानी उन्हें ₹18,128 का फिक्स ब्याज मिलेगा।
इसके अलावा अति वरिष्ठ नागरिकों को इस स्कीम में सबसे ज्यादा फायदा मिल रहा है। यदि वे ₹2 लाख की एफडी कराते हैं तो 450 दिनों बाद उन्हें कुल ₹2,18,525 मिलेंगे। इसमें ₹18,525 ब्याज के तौर पर शामिल रहेगा।
FD अभी भी क्यों है निवेशकों की पसंद?
बाजार जोखिम से बचने वाले निवेशकों के लिए एफडी अब भी भरोसेमंद विकल्प मानी जाती है। इसमें निवेश की गई राशि सुरक्षित रहती है और पहले से तय ब्याज दर के आधार पर निश्चित रिटर्न मिलता है। यही वजह है कि ब्याज दरों में थोड़ी कमी आने के बावजूद लोग बैंक एफडी में लगातार निवेश कर रहे हैं।
