जालौन में गैस सिलेंडर बना आग का गोला! जोरदार धमाके से दहला मोहल्ला, 13 बच्चों समेत 23 लोग झुलसे

जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में रविवार शाम एक घरेलू गैस सिलेंडर में हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। उरई के शांतिनगर मोहल्ले में हुई इस घटना में 13 बच्चों समेत कुल 23 लोग झुलस गए। हादसा उस समय हुआ, जब एक घर में सिलेंडर में आग लगने के बाद परिवार के सदस्य और आसपास के लोग उसे बुझाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हो गया और वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसे 19 लोगों को बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

आग बुझाने की कोशिश के दौरान हुआ जोरदार धमाका

पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत के मुताबिक, रविवार शाम करीब छह बजे उरई के शांतिनगर मोहल्ले में पार्षद माता प्रसाद के आवास पर घरेलू गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। घर में मौजूद परिवार के सदस्यों के साथ आसपास के लोग भी आग बुझाने में जुट गए।

इसी दौरान सिलेंडर में तेज विस्फोट हो गया। धमाका इतना अचानक हुआ कि वहां मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में 13 बच्चों सहित 23 लोग झुलसकर घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीमें

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

19 गंभीर घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हादसे में गंभीर रूप से झुलसे 19 लोगों को बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मेडिकल कॉलेज उरई में बर्न वार्ड की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण इन घायलों को एंबुलेंस के जरिए झांसी भेजा गया।

वहीं, बाकी चार घायलों का उपचार जिला अस्पताल उरई के बर्न वार्ड में चल रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

Related posts