झांसी।थाना प्रेमनगर, जनपद झाँसी पर आवेदिका नीलम गोस्वामी पत्नी आलोक गोस्वामी, निवासी राजन का कुआँ, पुलिया नम्बर-09, थाना प्रेमनगर, जनपद झाँसी द्वारा प्रार्थना पत्र देते हुए अवगत कराया गया कि उनका 10 वर्षीय भांजा निकुंज गोस्वामी पुत्र श्री पुष्पेन्द्र गोस्वामी, जो आर. के. कॉन्वेंट स्कूल में अध्ययनरत है, स्कूल की छुट्टी के बाद घर वापस नहीं आया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी विकास कुमार के कुशल निर्देशन में तथा सहायक पुलिस अधीक्षक क्षेत्राधिकारी सदर सिमरन सिंह के निकट पर्यवेक्षण में प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रेमनगर पुलिस द्वारा बालक की शीघ्र तलाश एवं सकुशल बरामदगी हेतु तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों में उ0नि0 दीपक कुमार, चौकी प्रभारी पुलिया नम्बर-09, उ0नि0 रविकान्त शुक्ला, उ०नि० अंकित त्यागी, हे0का0 बलबीर, का० ज्ञानचन्द्र एवं का० नवनीत को सम्मिलित कर तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीमों द्वारा बालक के घर, आर. के. कॉन्वेंट इंटर कॉलेज एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे लगभग 110 सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया। सी.सी.टी.वी. फुटेज के आधार पर बालक की गतिविधियों को ट्रैक करते हुए उसके संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की गई।
जाँच के दौरान जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि बालक निकुंज गोस्वामी अपने पैतृक गाँव ग्राम धोरा, थाना मऊरानीपुर, जनपद झाँसी में अपने पिता श्री पुष्पेन्द्र गोस्वामी एवं दादी श्रीमती लालकुँवर गोस्वामी के पास पहुँच गया था। बालक की कुशलता सुनिश्चित करने हेतु पुलिस द्वारा वीडियो कॉल के माध्यम से उससे वार्ता की गई तथा परिजनों से संपर्क कर उसकी सकुशलता की पुष्टि की गई।
झाँसी पुलिस की त्वरित सक्रियता, तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग एवं सतत प्रयासों के फलस्वरूप गुमशुदा बालक के संबंध में शीघ्र जानकारी प्राप्त कर उसे सकुशल तलाशने में सफलता प्राप्त हुई। पुलिस की इस तत्पर कार्यवाही से परिजनों को राहत मिली तथा परिजनों द्वारा झांसी पुलिस का धन्यवाद किया गया।
