उन्नाव ।बांगरमऊ नगर के सभी देवी मंदिरों सहित आज गुरूवार को नवरात्र के पंचम दिवस मां दुर्गा अपने स्कंद माता के रूप में घर-घर विराजमान हुईं। नगर के ब्लाक रोड स्थित ब्रह्माकुमारी राजयोग केंद्र में भी आज देवी के पांचवें रूप को साक्षी मानकर ब्रम्हा भोज का आयोजन किया गया।
नगर के मोहल्ला न्यू कटरा स्थित माता दुर्गा मंदिर में नौ दिवसीय श्रीमद देवी भागवत कथा जारी है। इसके अलावा श्रद्धालु भक्तों द्वारा आज मोहल्ला शुक्लाना स्थित मां राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी मंदिर, नगर के लखनऊ मार्ग पर रेलवे क्रासिंग के निकट स्थित बाला देवी मंदिर, नगर के पश्चिम शीतला देवी मंदिर तथा नौनिहाल गंज बाजार स्थित भुवनेश्वरी देवी मंदिर में भी आज मां के पंचम रूप स्कंद माता की फल-फूल एवं चुनरी चढ़ाकर आराधना की गई।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय राजयोग केंद्र में भी जिज्ञासुओं ने आज प्रातः स्कंद माता के रूप और गुणों का वर्णन किया। राजयोग केंद्र संचालिका बीके सरला बहन ने बताया कि स्कंद माता का शाब्दिक अर्थ स्कंद अर्थात कार्तिकेय की मां पार्वती जी है। स्कंदमाता देवताओं के सेनापति कार्तिकेय की मां हैं, जो कमल आसन अर्थात पवित्र स्थल पर विराजमान हैं।
इसीलिए इन्हें पद्मासना देवी भी कहा जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि स्कंदमाता मातृत्व की कोमलता और अपराजेय योद्धा की प्रतीक हैं। भक्त इनकी आराधना सुख, ऐश्वर्य एवं ज्ञान प्राप्ति के लिए करते हैं। आयोजन में महेश फौजी, शिवपाल यादव, विनोद गुप्ता, रामकुमार रमाशंकर, सर्वेश पाल, अर्चना मिश्रा, शशि गुप्ता,सावित्री सिंह, अरुणा सिंह,कमला गुप्ता सहित सैकड़ो जिज्ञासु शामिल हुए।
