सीएम थलापति विजय सरकार में ज्योतिषी की नियुक्ति पर विवाद, CPI(M) ने कहा- यह अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाला फैसला

चेन्नई: तमिलनाडु में मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार एक बार फिर विवादों में घिर गई है। सरकार द्वारा एक ज्योतिषी को राजनीतिक सलाहकार के रूप में नियुक्त किए जाने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। इस फैसले पर बाहर से समर्थन दे रही CPI(M) ने कड़ी आपत्ति जताई है और इसे अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाला कदम बताया है।

ज्योतिषी को बनाया गया OSD (पॉलिटिकल)
चेन्नई: सरकार ने राधन पंडित वेट्रिवेल को मुख्यमंत्री विजय का ‘ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (राजनीतिक)’ यानी OSD-Political नियुक्त किया है। वेट्रिवेल को एक ज्योतिषी के तौर पर जाना जाता है। बताया जाता है कि उन्होंने पहले टीवीके (TVK) की चुनावी जीत की भविष्यवाणी भी की थी, जिसके बाद उनकी यह नियुक्ति चर्चा में आ गई है।

CPI(M) ने जताई कड़ी आपत्ति
इस नियुक्ति को लेकर CPI(M) की तमिलनाडु इकाई ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के राज्य सचिव पी. षणमुगम ने बयान जारी कर कहा कि इस तरह की नियुक्तियां सरकारी व्यवस्था में अंधविश्वास को बढ़ावा देती हैं और वैज्ञानिक सोच को कमजोर करती हैं। उन्होंने इसे अस्वीकार्य कदम बताया।

योग्यता आधारित नियुक्ति की मांग
CPI(M) ने यह भी सवाल उठाया कि लोकतांत्रिक और संवैधानिक व्यवस्था में सरकारी पदों पर नियुक्तियां प्रशासनिक योग्यता और क्षमता के आधार पर होनी चाहिए, न कि ज्योतिषीय दावों या मान्यताओं के आधार पर। पार्टी ने इस फैसले को गलत परंपरा की शुरुआत बताया है।

राजनीतिक हलकों में बढ़ी बहस
इस पूरे मामले पर टीवीके की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, राजनीतिक गलियारों में इस निर्णय को लेकर बहस तेज हो गई है और विपक्षी दल भी सरकार को घेरने में सक्रिय हो गए हैं।

 

Related posts