मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन, राजनीति से दूर रहकर बिजनेस और फिटनेस की दुनिया में बनाई पहचान

लखनऊ: उत्तर प्रदेश से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया है। जानकारी के अनुसार उन्हें बुधवार को लखनऊ के सिविल अस्पताल में ‘ब्रॉट डेड’ लाया गया। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

कौन थे प्रतीक यादव?
लखनऊ: प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। वह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। उनका जन्म 7 जुलाई 1987 को हुआ था। परिवार में मुलायम सिंह यादव की पहली पत्नी मालती देवी थीं, जिनके पुत्र अखिलेश यादव हैं। मालती देवी का निधन वर्ष 2003 में हो गया था। प्रतीक हमेशा राजनीति से दूरी बनाए रखते हुए अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश करते रहे।

लखनऊ से लंदन तक की शिक्षा
प्रतीक यादव की शुरुआती पढ़ाई लखनऊ के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल से हुई थी। इसके बाद उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीकॉम की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए वे लंदन गए, जहां उन्होंने लीड्स यूनिवर्सिटी से एमबीए किया। जहां एक ओर अखिलेश यादव ने राजनीति का रास्ता चुना, वहीं प्रतीक ने खुद को राजनीतिक गतिविधियों से दूर रखा।

रियल एस्टेट और फिटनेस में सक्रिय थे प्रतीक
राजनीति से दूर रहकर प्रतीक यादव ने कारोबार के क्षेत्र में कदम रखा था। वे रियल एस्टेट के बिजनेस से जुड़े थे। इसके साथ ही वे फिटनेस और बॉडी बिल्डिंग के भी शौकीन थे। बताया जाता है कि वे जिम ट्रेनर भी रह चुके थे और लखनऊ में उनका एक जिम भी था, जिसका नाम ‘द फिटनेस प्लैनेट’ था। लग्जरी कारों के शौक के लिए भी वे चर्चा में रहते थे।

अपर्णा यादव से विवाह और निजी जीवन
प्रतीक यादव ने साल 2012 में अपर्णा यादव से शादी की थी। दोनों के बीच लंबे समय तक प्रेम संबंध रहे थे। अपर्णा यादव ने साल 2017 में राजनीति में कदम रखा और समाजवादी पार्टी के टिकट पर लखनऊ कैंट सीट से चुनाव लड़ा, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। बाद में 2022 में वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। हाल ही में दोनों के तलाक की चर्चाएं भी सामने आई थीं, जिन्हें प्रतीक यादव ने सार्वजनिक रूप से खारिज किया था।

 

Related posts