शामली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को शामली जनपद के दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग इस क्षेत्र की डेमोग्राफी बदलने का प्रयास कर रहे थे, वे वास्तव में जिन्ना के उपासक हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार किसानों, विकास और सुशासन के लिए समर्पित है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों की नीतियों के कारण क्षेत्र को पलायन और अपराध जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कांधला और कैराना से बड़े पैमाने पर लोगों का पलायन होता था, जिसका कारण गलत नीतियां और राजनीतिक संरक्षण था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने किसानों को प्राथमिकता देते हुए गन्ना उत्पादन को बढ़ावा दिया है और चीनी मिलों के माध्यम से गन्ना मूल्य का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया है। उनके अनुसार, डबल इंजन सरकार ने किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं।
धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत का किया उल्लेख
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्षेत्र की धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मान्यता के अनुसार महाभारत काल में कुरुक्षेत्र जाने से पहले भगवान श्रीकृष्ण ने हनुमान टीला पर विश्राम किया था और यहां के पवित्र जल का ग्रहण किया था। उन्होंने कहा कि शामली और कैराना की धरती ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और यह क्षेत्र देश के गौरवशाली इतिहास का साक्षी रहा है।
कैराना घराने की संगीत परंपरा को बताया गौरव
मुख्यमंत्री ने कैराना घराने की शास्त्रीय संगीत परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि इस धरती ने भारतीय संगीत को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाई। उन्होंने प्रसिद्ध गायक पंडित भीमसेन जोशी का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय शास्त्रीय संगीत का परचम पूरी दुनिया में लहराया। साथ ही उन्होंने शामली की पहचान गन्ना उत्पादन और उसकी मिठास से भी जोड़ी।
अपराध और पलायन के दौर का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग एक दशक पहले शामली अपराध, दहशत और कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति के कारण चर्चा में रहता था। उनके अनुसार उस समय व्यापारियों और आम नागरिकों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ा था और क्षेत्र की डेमोग्राफी बदलने की कोशिशें की जा रही थीं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और क्षेत्र विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।
एक्सप्रेसवे नेटवर्क से बदल रही शामली की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले विकास कार्य ठप थे, किसान परेशान थे और युवाओं के सामने रोजगार का संकट था। उन्होंने कहा कि आज शामली तेजी से विकसित हो रहा है और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, शामली-अंबाला एक्सप्रेसवे तथा गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे के कारण यह जनपद महत्वपूर्ण संपर्क केंद्र बन चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि बेहतर सड़क नेटवर्क और मजबूत कानून-व्यवस्था के कारण आने वाले समय में शामली एनसीआर के समृद्ध जिलों में शामिल होगा।
कावड़ यात्रा को लेकर अनुशासन की अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी कावड़ यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में कोई भी यात्रा को रोकने का दुस्साहस नहीं कर सकता। उन्होंने कावड़ यात्रियों से अनुशासन बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी बातों को लेकर किसी प्रकार का हुड़दंग नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं अनुशासनहीनता होती है तो विरोधी उसे आधार बनाकर यात्रा को प्रतिबंधित कराने का प्रयास कर सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
617 करोड़ रुपये की 90 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
अपने शामली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कैराना के ऊंचा गांव में निर्माणाधीन पीएसी कैंप का निरीक्षण भी किया। इसके बाद विजय सिंह पथिक डिग्री कॉलेज में आयोजित जनसभा में उन्होंने 617 करोड़ रुपये की लागत वाली 90 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक और प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
