गदर 3 को लेकर बड़ा अपडेट, 25 साल पूरे होने पर बोले डायरेक्टर अनिल शर्मा- ‘तीसरा पार्ट होगा न्यूक्लियर बम’

सनी देओल और अमीषा पटेल की सुपरहिट फिल्म गदर: एक प्रेम कथा ने 25 साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर आयोजित कार्यक्रम में फिल्म के निर्देशक अनिल शर्मा, सनी देओल और अमीषा पटेल शामिल हुए। इस दौरान अनिल शर्मा ने गदर 3 को लेकर भी महत्वपूर्ण संकेत दिए।

मीडिया से बातचीत में जब उनसे गदर फ्रेंचाइजी के तीसरे भाग के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह फिलहाल एक दमदार कहानी और स्क्रिप्ट की तलाश में हैं। उनका कहना था कि जैसे ही उन्हें वैसी स्क्रिप्ट मिलेगी, फिल्म पर काम शुरू कर दिया जाएगा।

अनिल शर्मा ने मजाकिया अंदाज में कहा, “पहला पार्ट बम था, दूसरा पार्ट एटम बम था और तीसरा पार्ट न्यूक्लियर बम होगा। जिस दिन मुझे वह न्यूक्लियर बम जैसी कहानी मिल जाएगी, हम इसे बड़े धमाके के साथ दर्शकों के सामने लाएंगे।”

साल 2001 में रिलीज हुई गदर: एक प्रेम कथा भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित थी। फिल्म में तारा सिंह और सकीना की प्रेम कहानी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। इसके बाद 2023 में आई गदर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ सफलता हासिल की और हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल हो गई।

अब अनिल शर्मा के ताजा बयान के बाद फैंस को उम्मीद है कि गदर 3 भी जल्द ही बड़े पर्दे पर देखने को मिल सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।

Related posts