आगरा: एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए बड़ा बदलाव लागू हो गया है। अब एक ही घर में एक से अधिक गैस कनेक्शन रखने की अनुमति नहीं होगी। नए निर्देशों के तहत एक परिवार केवल एक एलपीजी कनेक्शन ही रख सकेगा, जबकि अतिरिक्त कनेक्शन को संबंधित गैस एजेंसी में सरेंडर करना अनिवार्य होगा। आदेश लागू होने के बाद तेल विपणन कंपनियां ऐसे उपभोक्ताओं की पहचान शुरू करेंगी जिनके नाम पर एक से अधिक कनेक्शन दर्ज हैं।
यदि किसी उपभोक्ता ने निर्धारित समय के भीतर अतिरिक्त कनेक्शन सरेंडर नहीं किया तो उसके एक कनेक्शन की बुकिंग सुविधा बंद की जा सकती है। इसके साथ ही ई-केवाईसी को भी अनिवार्य कर दिया गया है। जिन उपभोक्ताओं को मोबाइल पर ई-केवाईसी संबंधी संदेश प्राप्त हो रहे हैं, उन्हें जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करनी होगी, अन्यथा गैस सिलेंडर की बुकिंग प्रभावित हो सकती है।
13.80 लाख उपभोक्ताओं पर पड़ेगा असर
जिले की 84 गैस एजेंसियों के माध्यम से लगभग 13.80 लाख उपभोक्ताओं को एलपीजी सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। इनमें सबसे अधिक 8.20 लाख उपभोक्ता एक कंपनी के हैं, जबकि शेष 5.60 लाख उपभोक्ता अन्य दो प्रमुख तेल कंपनियों से जुड़े हुए हैं। बड़ी संख्या में ऐसे उपभोक्ता भी हैं जिन्होंने अलग-अलग कारणों से एक से अधिक एलपीजी कनेक्शन ले रखे हैं।
कालाबाजारी रोकने के लिए उठाया गया कदम
सरकार का मानना है कि कई मामलों में एक से अधिक कनेक्शन का उपयोग सिलेंडरों की कालाबाजारी और अनियमित खपत के लिए किया जा रहा है। इसी को रोकने के उद्देश्य से यह नई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत अब एक सिलेंडर की अगली बुकिंग निर्धारित अंतराल के बाद ही संभव होगी, जिससे वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाया जा सके।
ई-केवाईसी नहीं कराई तो बंद हो सकती है सेवा
प्रशासन और तेल कंपनियों ने उपभोक्ताओं से ई-केवाईसी प्रक्रिया जल्द पूरी करने की अपील की है। जिन उपभोक्ताओं ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, उनके कनेक्शन बंद होने की संभावना बढ़ सकती है। जिले में पहले ही 75 हजार से अधिक एलपीजी कनेक्शन ई-केवाईसी न होने के कारण बंद हो चुके हैं।
पीएनजी उपभोक्ताओं को भी करना होगा एलपीजी कनेक्शन सरेंडर
शहर में करीब 1.10 लाख पीएनजी उपभोक्ता हैं। इनमें से 75 हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने अब तक अपना एलपीजी कनेक्शन सरेंडर नहीं किया है। संबंधित कंपनियां लगातार मोबाइल संदेशों के माध्यम से ऐसे उपभोक्ताओं को जागरूक कर रही हैं। निर्धारित समय के भीतर कनेक्शन वापस नहीं करने पर एलपीजी सेवा बंद की जा सकती है।
उपभोक्ताओं को भेजे जाएंगे जागरूकता संदेश
तेल कंपनियां और गैस एजेंसियां उपभोक्ताओं को मोबाइल संदेशों के जरिए नई व्यवस्था की जानकारी देंगी। अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ता समय रहते ई-केवाईसी और कनेक्शन संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर लें, ताकि भविष्य में गैस आपूर्ति और बुकिंग में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
