टोरंटो: कनाडा के टोरंटो में भारतीय मूल की 30 वर्षीय हिमांशी खुराना की हत्या के मामले में करीब सात महीने बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। टोरंटो पुलिस ने हत्या के आरोपी 32 वर्षीय अब्दुल गफूरी को गिरफ्तार कर लिया है। हिमांशी दिसंबर 2025 में एक घर के अंदर मृत पाई गई थीं। पुलिस के मुताबिक, हिमांशी और गफूरी के बीच अंतरंग संबंध थे।
लापता होने के बाद घर में मृत मिली थीं हिमांशी
पुलिस के अनुसार, हिमांशी खुराना स्ट्रैचन एवेन्यू और वेलिंगटन स्ट्रीट वेस्ट इलाके से लापता हुई थीं। इसके बाद अधिकारियों ने उनकी तलाश शुरू की। 20 दिसंबर को सुबह करीब 6:30 बजे उन्हें एक घर के अंदर मृत पाया गया। मामले की जांच शुरू होने के बाद पुलिस ने संदिग्ध अब्दुल गफूरी की तस्वीरें और वीडियो भी जारी किए थे।
7 अगस्त को पकड़ा गया आरोपी, फर्स्ट-डिग्री मर्डर का चार्ज
करीब सात महीने तक फरार रहने के बाद पुलिस ने 7 अगस्त 2026 को अब्दुल गफूरी को गिरफ्तार कर लिया। उस पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया गया है।
टोरंटो पुलिस सर्विस के मुताबिक, फ्यूजिटिव स्क्वाड और होमिसाइड एंड मिसिंग पर्सन्स यूनिट के सदस्यों ने आरोपी की कनाडा वापसी में मदद के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुलिस एजेंसियों के साथ संपर्क किया था। इसके बाद टोरंटो के 32 वर्षीय अब्दुल गफूरी को ढूंढकर गिरफ्तार किया गया।
हिमांशी की मौत पर भारत ने जताया था दुख
हिमांशी खुराना की हत्या के बाद टोरंटो स्थित भारत के कॉन्सुलेट जनरल ने भी घटना पर दुख जताया था। कॉन्सुलेट की ओर से कहा गया था कि एक युवा भारतीय नागरिक की हत्या से वे बेहद दुखी और स्तब्ध हैं। परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कॉन्सुलेट ने कहा था कि वह मामले पर लगातार नजर रख रहा है और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
टोरंटो में पिछले महीने भी भारतीय मूल की महिला की हत्या
कनाडा में भारतीय मूल की महिलाओं से जुड़े हत्या के मामलों में यह पहली घटना नहीं है। पिछले महीने टोरंटो में भारतीय मूल की 26 वर्षीय नवनीत कौर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में भारतीय मूल के 37 वर्षीय शरणजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया था।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, नवनीत कौर और संदिग्ध के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने महिला को गोली मार दी और पुलिस के पहुंचने से पहले मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसका पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
एडमोंटन में भी भारतीय मूल की महिला की हत्या का मामला
अल्बर्टा प्रांत की राजधानी एडमोंटन में भी भारतीय मूल की एक महिला की उसके साथी द्वारा हत्या किए जाने का मामला सामने आया था। इस मामले में रितेश कुमार को गिरफ्तार किया गया था। उस पर 23 वर्षीय दमनप्रीत कौर की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया गया और उसके खिलाफ सेकंड-डिग्री मर्डर का मामला दर्ज किया गया।
