नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। चक्रवाती तूफान कमजोर पड़ने के बाद उसका अवशेष डिप्रेशन के रूप में पूर्वी तेलंगाना और आसपास के तटीय आंध्र प्रदेश में बना हुआ है। इसके प्रभाव से दक्षिण भारत से लेकर पूर्वी और उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) ने 5 नवंबर को ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश समेत करीब 15 राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दिल्ली-NCR में बादल और हल्की बारिश के आसार
दिल्ली और आसपास के इलाकों में 5 नवंबर को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने और 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। राजधानी में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम में बदलाव के चलते सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होगी।
यूपी-बिहार के कई जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, कानपुर, मुरादाबाद, मथुरा और सोनभद्र समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है। इस दौरान 35 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बिहार में भी मौसम बदलने के आसार हैं। पटना, गया, बक्सर, भोजपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा, पूर्णिया, अररिया और भागलपुर समेत कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
झारखंड, बंगाल, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी असर
झारखंड में 5 और 6 नवंबर को बारिश होने की संभावना है। रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और देवघर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, मालदा, दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी में भी बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी मौसम बदल सकता है। जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर के अलावा मध्य प्रदेश के भोपाल, विदिशा, बैतूल और बालाघाट में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
पंजाब और पहाड़ी राज्यों में भी अलर्ट
पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, बठिंडा, गुरदासपुर और कपूरथला में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। कुछ स्थानों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के कारण फिसलन और भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका
चक्रवाती सिस्टम का सबसे ज्यादा असर दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में देखने को मिल सकता है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश हो सकती है, जबकि तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका है।
इसके अलावा ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली से बचाव के लिए जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।
