झांसी।आगामी धनतेरस एवं दीपावली पर्व के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक नगर श्रीमती प्रीति सिंह एवं ए.डी.एम.ई. श्री संजय चावला द्वारा थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत सर्राफा बाजार, मानिक चौक एवं बड़ा बाजार में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, झाँसी विकास कुमार के निर्देशन में आगामी धनतेरस एवं दीपावली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक नगर श्रीमती प्रीति सिंह एवं एडीएमई श्री संजय चावला द्वारा क्षेत्राधिकारी नगर एवं प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली मय पुलिस बल के साथ थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत सर्राफा बाजार, मानिक चौक एवं बड़ा बाजार में पैदल गश्त की गई।
पैदल गश्त के दौरान बाजारों एवं प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा व्यापारियों एवं आमजन से संवाद स्थापित कर त्योहारों को आपसी सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। साथ ही बाजारों में भीड़भाड़ के दृष्टिगत सतर्कता बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने हेतु संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
झाँसी पुलिस द्वारा आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु लगातार सतर्कता एवं प्रभावी पुलिसिंग की जा रही है।
