आगरा एक्सप्रेस-वे पर खड़े पिकअप में ट्रक ने मारी टक्कर, 21 वर्षीय युवक की मौत

उन्नाव। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर औरास क्षेत्र के पास सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पिकअप वाहन का पहिया जाम होने के कारण चालक और अन्य लोग सड़क किनारे वाहन ठीक करवा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।मृतक की पहचान अवनीश पाल (21) पुत्र स्वर्गीय चंद्र किशोर निवासी ग्राम ताजपुर, पोस्ट खजोहना, संडीला, जिला हरदोई के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, पिकअप वाहन लखनऊ से शामली जा रहा था। वाहन में अयोध्या दीपोत्सव के डिजिटल प्रचार से संबंधित सामग्री ले जाई जा रही थी। पिकअप को मोहम्मद सलमान चला रहे थे।

आगरा एक्सप्रेस-वे पर औरास के पास अचानक वाहन का पहिया जाम हो गया, जिसके बाद चालक और अन्य लोग उसे ठीक कराने में जुटे थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने पिकअप में टक्कर मार दी।


हादसे में अवनीश पाल की जान चली गई। मृतक दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

Related posts