उन्नाव/सफीपुर,सफीपुर कस्बे में बस स्टॉप और धर्मशाला के सामने एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। मिली जानकारी के अनुसार, कार चलाते समय अचानक चालक की तबीयत बिगड़ गई और उसे अटैक आ गया। इसके चलते कार अनियंत्रित होकर सामने खड़े एक लोडर वाहन में जा घुसी।
टक्कर होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद राहगीरों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई और सभी बाल-बाल बच गए।
स्थानीय राहगीरों और प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए कार चालक को संभाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से सामान्य कराया गया।
