बांगरमऊ,उन्नाव कोतवाली क्षेत्र के गांव भगवंतपुर गोटपाली में शुक्रवार सुबह सनसनी फैल गई जब गांव के बाहर नीम के पेड़ से ग्रामीण का शव लटका मिला। मृतक की पहचान 40 वर्षीय नायाब पुत्र सोहराब के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार सुबह खेत की ओर गए लोगों ने शव को पेड़ से लटका देखा तो गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर परिजन व सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पीआरवी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने परिजनों से शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा। लेकिन परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से साफ इनकार कर दिया। परिजन शव को पेड़ से उतारकर घर ले गए और बिना पुलिस कार्रवाई के ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों व ग्रामीणों के अनुसार मृतक नायाब नशे का आदी था और क्षेत्र के ईंट भट्टों पर ट्राली में ईंटें भरने का काम कर मजदूरी करता था।
वह अपने पीछे पत्नी व एक बेटे समेत अन्य परिजनों को रोता-बिलखता छोड़ गया है। मौत का कारण आत्महत्या बताया जा रहा है, हालांकि कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इस संबंध में कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि गांव भगवंतपुर गोटपाली में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने की सूचना मिली थी। पीआरवी टीम मौके पर गई थी, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
