बांदा: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बांदा में एक रैली के दौरान ऐसा बयान दिया, जिसने सियासी हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने खुद को देश का सबसे बड़ा गुंडा बताते हुए कहा कि बड़े-बड़े माफिया और बाहुबली उनके यहां हाजिरी लगाते हैं। राजभर ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें किसी से डरने की जरूरत नहीं है।
मंगलवार को अपनी पार्टी की रैली को संबोधित करते हुए राजभर ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि वे अपनी पार्टी के झंडे और संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहें। किसी के दबाव में आकर दूसरी पार्टी का झंडा न पकड़ें।
“किसी से डरने की जरूरत नहीं, आंख दिखाने वाले को जवाब देंगे”
ओमप्रकाश राजभर ने कार्यकर्ताओं से कहा, “आप अपना डंडा, झंडा और अपनी पार्टी के साथ रहिए। अगर कोई आपसे आकर अपनी पार्टी का झंडा पकड़ने को कहे तो उसे साफ इनकार कर दीजिए। किसी से डरने की जरूरत नहीं है। उनसे कहिए कि आप अपना झंडा खुद पकड़िए।”
उन्होंने दावा किया कि उन्हें जानकारी मिली है कि रैली में आने से भी लोगों को रोका जा रहा था। राजभर ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर कोई कार्यकर्ता को आंख दिखाता है तो उसकी आंख निकालने की हैसियत ओमप्रकाश राजभर के पास है।
मुख्तार अंसारी, बृजेश सिंह और धनंजय सिंह का लिया नाम
राजभर ने अपने संबोधन में मुख्तार अंसारी, बृजेश सिंह, धनंजय सिंह और अभय सिंह जैसे बाहुबली नेताओं का नाम लिया। उन्होंने कहा, “आपको घबराना नहीं है। सुना है बांदा में बहुत गुंडे रहते हैं। मुझसे बड़ा गुंडा इस देश में कौन है? जिसके यहां मुख्तार अंसारी, बृजेश सिंह, धनंजय सिंह, अभय सिंह जैसे लोग दरबारी करते हों, उससे बड़ा गुंडा भला कौन हो सकता है।”
मंत्री ने इसी दौरान प्रजापति समाज का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समाज के लोगों पर लगातार अत्याचार किए गए हैं। राजभर ने कहा कि अब इसका जवाब देने का समय आ गया है।
सपा, बसपा और कांग्रेस पर लगाया भागीदारी छीनने का आरोप
ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके समाज का एक भी व्यक्ति पुलिस विभाग में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में पहले केवल यादवों की भर्ती होती थी।
राजभर ने दावा किया कि पूरे प्रदेश में प्रजापति समाज की आबादी 22 प्रतिशत है, लेकिन सपा, बसपा और कांग्रेस ने समाज की राजनीतिक भागीदारी छीनने का काम किया। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों के आयुष्मान कार्ड अब तक नहीं बने हैं, वे अपने दस्तावेज उन्हें दिखाएं। ऐसे लोगों के इलाज के लिए मुख्यमंत्री कोष से आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।
बांदा जेल में मुख्तार अंसारी से मिलने गए थे राजभर
गौरतलब है कि मुख्तार अंसारी का निधन हो चुका है। वह बांदा जेल में बंद थे और ओमप्रकाश राजभर उनसे मिलने जेल भी गए थे। अब बांदा की रैली में राजभर ने मुख्तार अंसारी समेत कई बाहुबली नेताओं का नाम लेकर खुद को देश का सबसे बड़ा गुंडा बताया है।
