बांदा: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के बीच बयानबाजी तेज होती जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समाजवादी पार्टी को लेकर दिए गए बयान के बाद अब प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भी अपने एक बयान से राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। बांदा में पार्टी की रैली को संबोधित करते हुए राजभर ने खुद को देश का सबसे बड़ा गुंडा बताया। उन्होंने दावा किया कि बड़े-बड़े माफिया और बाहुबली उनके यहां हाजिरी लगाने आते हैं।
मंगलवार को आयोजित रैली में ओपी राजभर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें किसी से डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने मुख्तार अंसारी, बृजेश सिंह, धनंजय सिंह और अभय सिंह जैसे नामों का जिक्र करते हुए कहा कि जिन लोगों के यहां ये दरबारी करते हों, उनसे बड़ा गुंडा देश में कौन हो सकता है।
“किसी से डरने की जरूरत नहीं, अपना झंडा खुद पकड़िए”
ओमप्रकाश राजभर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपनी पार्टी के झंडे और संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहें। उन्होंने कहा कि अगर कोई उनसे दूसरी पार्टी का झंडा पकड़ने के लिए कहता है तो साफ मना कर दें।
राजभर ने दावा किया कि उन्हें जानकारी मिली है कि रैली में शामिल होने के लिए भी लोगों को रोका जा रहा था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर कोई उन्हें आंख दिखाता है तो उसकी आंख निकालने की हैसियत ओमप्रकाश राजभर के पास है।
“मुख्तार, बृजेश और धनंजय जैसे लोग मेरे यहां दरबारी करते हैं”
रैली में अपने बयान को आगे बढ़ाते हुए राजभर ने कहा कि बांदा में बहुत गुंडे होने की बात सुनी है, लेकिन उनसे बड़ा गुंडा देश में कोई नहीं है। उन्होंने मुख्तार अंसारी, बृजेश सिंह, धनंजय सिंह और अभय सिंह का नाम लेते हुए कहा कि ऐसे लोग उनके यहां दरबारी करते हैं।
मंत्री ने प्रजापति समाज का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि इस समाज के लोगों पर लगातार अत्याचार हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब इसका जवाब देने का समय आ गया है।
सपा, बसपा और कांग्रेस पर लगाया भागीदारी छीनने का आरोप
ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में प्रजापति समाज को उचित भागीदारी नहीं मिली। उन्होंने दावा किया कि उनके समाज का एक भी व्यक्ति पुलिस विभाग में नहीं है और उत्तर प्रदेश पुलिस में केवल यादवों की भर्ती होती थी।
राजभर ने कहा कि प्रदेश में प्रजापति समाज की आबादी 22 प्रतिशत है, लेकिन सपा, बसपा और कांग्रेस ने उनकी भागीदारी छीनने का काम किया। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों के आयुष्मान कार्ड अब तक नहीं बने हैं, वे अपने दस्तावेज उन्हें दिखाएं। ऐसे लोगों के इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्तार अंसारी से जेल में मिलने भी गए थे राजभर
बता दें कि मुख्तार अंसारी का निधन हो चुका है। वह बांदा जेल में बंद रहे थे और ओमप्रकाश राजभर उनसे मिलने जेल भी गए थे। बांदा की रैली में राजभर ने मुख्तार अंसारी समेत कई बाहुबली नेताओं के नाम लेकर अपनी बात रखी।
