मुख्यमंत्रियों की रैंकिंग में योगी आदित्यनाथ नंबर वन, पुष्कर सिंह धामी दूसरे स्थान पर; जानें टॉप-3 में कौन शामिल

लखनऊ: देश के मुख्यमंत्रियों की लोकप्रियता और कार्यशैली को लेकर किए गए एक निजी सर्वे में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 881 अंकों के साथ दूसरे और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा 874 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। सर्वे में योगी आदित्यनाथ को 1000 में से 897 अंक मिले हैं।

यह रैंकिंग फेम इंडिया पत्रिका और एशिया पोस्ट की ओर से संयुक्त रूप से किए गए ‘बेस्ट चीफ मिनिस्टर सर्वे 2026’ के आधार पर जारी की गई है। इसमें मुख्यमंत्रियों के नेतृत्व, प्रशासनिक क्षमता, कार्यशैली, जनस्वीकार्यता और शासन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का आकलन किया गया। सर्वे में कुल 15 मुख्यमंत्रियों को शामिल किया गया है।

टॉप-3 में इन मुख्यमंत्रियों ने बनाई जगह

सर्वे के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 897 अंकों के साथ पहले स्थान पर हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को 881 अंक मिले हैं और वह दूसरे नंबर पर रहे। वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा 874 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

सर्वे में शीर्ष 10 स्थान हासिल करने वाले मुख्यमंत्रियों को ‘बेस्ट चीफ मिनिस्टर’ श्रेणी में रखा गया है। वहीं, 11वें से 15वें स्थान तक के मुख्यमंत्रियों को विशेष ‘मुख्यमंत्री पंचरत्न’ श्रेणी में शामिल किया गया है।

दस प्रमुख मानकों पर किया गया मूल्यांकन

फेम इंडिया पत्रिका के मुताबिक, मुख्यमंत्रियों के प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता को परखने के लिए दस प्रमुख मानक तय किए गए थे। इनमें सुशासन, कानून-व्यवस्था, व्यक्तित्व, छवि, कार्यक्षमता, प्रभाव, विभागों की समझ, लोकप्रियता, दूरदर्शिता तथा कार्यशैली और परिणाम शामिल हैं।

व्यक्तित्व और छवि के आकलन में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, निर्णय लेने की योग्यता और जनता के बीच विश्वसनीयता को आधार बनाया गया। इसके अलावा प्रशासनिक दक्षता और सरकारी नीतियों के प्रभाव को भी मूल्यांकन में शामिल किया गया।

तीन चरणों में तैयार की गई रैंकिंग

दावा किया गया है कि यह सर्वे करीब तीन से चार महीने तक चला और इसकी प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की गई।

पहले चरण में सोशल मीडिया और पारंपरिक मीडिया के विभिन्न मंचों पर मुख्यमंत्रियों से जुड़ी प्रतिक्रियाओं, चर्चाओं, खबरों और जनधारणाओं का अध्ययन किया गया।

दूसरे चरण में अलग-अलग क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों, बुद्धिजीवियों और विशिष्ट व्यक्तियों की राय तथा आकलन को शामिल किया गया। तीसरे चरण में आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनके विचार, अनुभव और दृष्टिकोण जानने का दावा किया गया है।

इन तीनों चरणों से जुटाई गई जानकारियों के आधार पर मुख्यमंत्रियों का तय किए गए दस मानकों पर मूल्यांकन किया गया। सभी मानकों पर मिले अंकों को जोड़कर 1000 अंकों के पैमाने पर अंतिम रैंकिंग तैयार की गई।

Related posts