सड़क हादसे में एक वृद्ध महिला की मौत जबकि दो अन्य महिलाएं और चालक मामूली रूप से घायल

उन्नाव।बांगरमऊ बेहटा मुजावर थाना अंतर्गत गंगा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 371 के पास बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गाजियाबाद से बिहार जा रही तेज रफ्तार इनोवा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार 85 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई। जबकि दो अन्य महिलाएं और चालक मामूली रूप से घायल हो गए।


गाजियाबाद शहर के मोहल्ला विशाल नगर सेक्टर-3 निवासी हीरा देवी (85) पत्नी भागीरथ दो अन्य महिलाओं के साथ इनोवा कार द्वारा गाजियाबाद से बिहार जा रही थीं। बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के 371 किलोमीटर के निकट अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार हीरा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

सूचना पर पहुंची एक्सप्रेसवे पेट्रोलिंग टीम ने घायलों को बाहर निकालकर तत्काल यहाँ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने हीरा देवी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Related posts