दिव्यांग बैटरी रिक्शा चालक ने मारपीट का लगाया आरोप, न्याय की गुहार

उन्नाव। दिव्यांग बैटरी रिक्शा चालक अनुपम कुमार ने कुछ महिलाओं पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि वह बैटरी रिक्शा चलाकर सामान ढोने का काम करता है और इसी से अपने परिवार का जीवनयापन करता है।

बीते दिनों कुछ महिलाओं ने कथित तौर पर उस पर आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है। बता दे की पीड़ित अनुपम कुमार, पुत्र दुर्गा प्रसाद, का आरोप है कि घटना के बाद उसने संबंधित चौकी पर अपनी शिकायत रखी, लेकिन अब तक उसकी सुनवाई नहीं हुई है।

कार्रवाई न होने के चलते वह काफी परेशान और डरा हुआ है। पीड़ित ने मामले में निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाए जाने की मांग की है। वहीं, विकलांग प्रकोष्ठ के नेता तन्मय श्रीवास्तव ने पीड़ित का समर्थन करते हुए उसके लिए न्याय की मांग उठाई है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में आला अधिकारियों से बातचीत कर पीड़ित की समस्या उनके सामने रखी गई है। तन्मय श्रीवास्तव ने कहा कि यदि पीड़ित को न्याय नहीं मिला और उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई, तो वह आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

उन्होंने पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए आगे भी प्रयास जारी रखने की बात कही। फिलहाल मामले में पुलिस का पक्ष और आधिकारिक कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है।

Related posts