गैस पाइपलाइन के विवाद में घर में घुसकर मारपीट का आरोप, सोने की चेन छीनने और बेटी से अभद्रता की शिकायत

उन्नाव। शहर के इंद्रा नगर मोहल्ले में गैस पाइपलाइन को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने पड़ोसी और उसके परिवार के सदस्यों समेत छह लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, सोने की चेन छीनने और उसकी बेटी के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया है।

पीड़ित ने मामले में पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। बता दे कि पीड़ित के अनुसार, उसके मकान के बगल में संजय वर्मा का मकान है। दोनों मकानों के पास से सीयूजीएल कंपनी की गैस पाइपलाइन निकली हुई है।

इसी पाइपलाइन को लेकर पड़ोसी पक्ष आए दिन विवाद और गाली-गलौज करता था। शिकायत के मुताबिक, 18 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:10 बजे संजय वर्मा, उसकी मां नन्हक्की और चार अज्ञात लोग कथित तौर पर लाठी-डंडे लेकर पीड़ित के घर पहुंच गए। आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर सभी ने उसके साथ मारपीट की और जब वह जान बचाकर घर के अंदर भागा तो आरोपी भी जबरन घर में घुस आए।

पीड़ित ने घर में रखे सामान में तोड़फोड़ करने और गले में पहनी सोने की चेन छीनने का भी आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंची उसकी बेटी एकता बाजपेयी के साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई। शोर सुनकर मोहल्ले के गौरव प्रताप द्विवेदी और अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें बचाया।

आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

Related posts