नशे में ई-रिक्शा पलटने से युवक गंभीर घायल, चालक पर कार्रवाई की मांग

उन्नाव। दही थाना क्षेत्र के लोन नदी पुलिया के पास 9 अक्टूबर को ई-रिक्शा पलटने से करीब 40 वर्षीय राजमोहन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल के भाई गोपाल ने ई-रिक्शा चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। मामले में कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।


पीड़ित गोपाल के अनुसार, उनका भाई राजमोहन उन्नाव बाईपास स्थित रेडटेप (मिर्जा) कंपनी में काम करता है। 9 अक्टूबर को कंपनी में छुट्टी होने के बाद वह ई-रिक्शा संख्या UP35CT5405 से दही चौकी जा रहा था, जहां से उसे गांव जाने के लिए वाहन मिलना था। आरोप है कि ई-रिक्शा चालक शराब के नशे में था और तेज गति से वाहन को लहराते हुए चला रहा था। राजमोहन ने चालक से वाहन रोकने के लिए कहा, लेकिन उसने बात नहीं मानी।

शाम करीब 6:45 बजे लोन नदी पुलिया के पास बीच सड़क पर ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में राजमोहन गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। परिजनों के मुताबिक, हादसे में राजमोहन के पैर की हड्डी टूट गई।

उसे जिला अस्पताल उन्नाव ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। गोपाल का आरोप है कि थाना दही में प्रार्थना पत्र देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने ई-रिक्शा चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Related posts