समृद्धि हाईवे पर भीषण हादसा, ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को मारी टक्कर; 7 की मौत, 21 घायल

अमरावती: महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग पर शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। शेगांव से मां दुर्गा की मूर्ति लेकर वर्धा जा रही श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 4 से 5 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसा धामणगांव रेलवे के पास समृद्धि महामार्ग के चैनल नंबर 97 पर हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इलाज के दौरान 2 अन्य घायलों ने भी दम तोड़ दिया।

मां दुर्गा की मूर्ति लेकर वर्धा जा रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के मुताबिक, पिकअप वैन में सवार श्रद्धालु बुलढाणा जिले के शेगांव से मां दुर्गा की मूर्ति लेकर वर्धा जिले की ओर जा रहे थे। शुक्रवार सुबह धामणगांव रेलवे के पास चैनल नंबर 97 पर उनकी पिकअप की ट्रक से टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में कई लोग घायल हो गए। स्थानीय नागरिकों और पत्रकारों की मदद से राहत एवं बचाव का काम तेजी से शुरू किया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

21 लोग घायल, कई की हालत गंभीर

हादसे की सूचना मिलते ही धामणगांव रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को धामणगांव ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों के मुताबिक, 4 से 5 घायलों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। वहीं, करीब 14 से 15 लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें फिलहाल खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

एसपी और नगराध्यक्ष ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी

हादसे की जानकारी मिलने के बाद अमरावती ग्रामीण एसपी निकेतन कदम और धामणगांव की नगराध्यक्ष अर्चना रोठे भी अस्पताल पहुंचीं। दोनों ने घायलों की स्थिति की जानकारी ली और उपचार के बारे में जानकारी हासिल की।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और ट्रक की पिकअप से टक्कर कैसे हुई, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस मृतकों और घायलों की विस्तृत जानकारी भी जुटा रही है।

Related posts