पिता बने CM तो बेटे की फिल्म से बनाई दूरी, जेसन संजय ने बताया क्यों ‘सिगमा’ के प्रमोशन से दूर रहेंगे विजय

चेन्नई: तमिल अभिनेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय के बेटे जेसन संजय अपनी पहली निर्देशित फिल्म ‘सिगमा’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म की रिलीज से पहले सलेम में आयोजित प्री-रिलीज कार्यक्रम में जेसन ने साफ किया कि उनके पिता विजय फिल्म के प्रचार अभियान का हिस्सा नहीं होंगे। उन्होंने इसकी वजह भी बताई और कहा कि वह चाहते हैं कि फिल्म की पहचान उनकी टीम की मेहनत और कहानी से बने, न कि सिर्फ विजय के बेटे की फिल्म के तौर पर।

पिता के नाम से अलग पहचान बनाना चाहते हैं जेसन

जेसन संजय ने बताया कि विजय फिल्म देखने को लेकर उत्साहित हैं और रिलीज का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन प्रमोशन में शामिल नहीं होंगे। जेसन के मुताबिक वह नहीं चाहते कि ‘सिगमा’ का प्रचार उनके पिता के नाम के इर्द-गिर्द घूमे।

उनका कहना है कि दर्शक फिल्म को उसकी कहानी, कलाकारों और पूरी टीम की मेहनत के आधार पर देखें। उन्होंने यह भी कहा कि विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी जिम्मेदारियां पहले से काफी बढ़ गई हैं, इसलिए उनका फिल्म के प्रचार में शामिल होना जरूरी नहीं है।

पिता से मिली समय की पाबंदी की सीख

कार्यक्रम के दौरान जेसन से पूछा गया कि उन्होंने अपने पिता से कौन-सी खास आदत सीखी है। इस पर उन्होंने एक शब्द में जवाब दिया- ‘पंक्चुअलिटी’, यानी समय की पाबंदी।

विजय के मुख्यमंत्री बनने पर अपनी प्रतिक्रिया के बारे में जेसन ने कहा कि वह उनके लिए बेहद खुशी का पल था। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में अभिनय का मौका मिलने पर वह इस क्षेत्र में भी काम कर सकते हैं, हालांकि फिलहाल उनका पूरा ध्यान निर्देशन और ‘सिगमा’ की रिलीज पर है।

सलेम में लगे TVK के नारे

सलेम में हुए कार्यक्रम के दौरान दर्शकों ने TVK के नारे लगाने शुरू कर दिए। जेसन जब अपने परिवार को धन्यवाद दे रहे थे, उस दौरान भीड़ की नारेबाजी तेज हो गई।

मंच पर जेसन के बोलते समय भी दर्शक लगातार नारे लगाते रहे। कार्यक्रम के होस्ट ने स्थिति संभालने की कोशिश की। इसके बाद जेसन ने मुस्कुराते हुए भीड़ की ओर अंगूठा दिखाया और अपना भाषण जारी रखा। इस दौरान फिल्म के कलाकार सुंदीप किशन और फारिया अब्दुल्लाह की प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिलीं।

आम आदमी की कहानी है ‘सिगमा’

फिल्म की कहानी के बारे में जेसन ने बताया कि ‘सिगमा’ एक आम आदमी के इर्द-गिर्द घूमती है। उनके मुताबिक जिंदगी में हर किसी के सामने कभी न कभी ऐसी परिस्थितियां आती हैं, जब उसके फैसले मुश्किलें खड़ी कर देते हैं।

ऐसे हालात से निकलकर दोबारा खड़े होने की कोशिश कहानी का अहम हिस्सा है। फिल्म को हीस्ट कॉमेडी के तौर पर पेश किया जा रहा है, जिसमें मनोरंजन के साथ कहानी को भी महत्व दिया गया है।

विजय और जेसन के रिश्ते को लेकर भी हुई चर्चा

जेसन का बयान ऐसे समय आया है जब पिछले कुछ समय से विजय और उनके बेटे के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की चर्चाएं होती रही हैं। विजय को जेसन के इंस्टाग्राम अकाउंट से अनफॉलो किए जाने की खबरों के बाद भी इस विषय पर चर्चा हुई थी।

विजय की निजी जिंदगी को लेकर भी सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें सामने आती रही हैं। हालांकि जेसन और विजय ने इन चर्चाओं पर सार्वजनिक तौर पर कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की है। इसी तरह अभिनेत्री तृषा कृष्णन के साथ विजय के रिश्ते को लेकर भी सोशल मीडिया पर दावे किए जाते रहे हैं, लेकिन दोनों की ओर से किसी रोमांटिक रिश्ते की सार्वजनिक पुष्टि नहीं की गई है।

2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी ‘सिगमा’

‘सिगमा’ का निर्माण लाइका प्रोडक्शंस ने किया है। फिल्म में सुंदीप किशन और फारिया अब्दुल्लाह मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा संपत राज, शिव पंडित, योग जपी, शीला राजकुमार और राजू सुंदरम भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म का संगीत थमन एस ने तैयार किया है।

जेसन संजय के लिए यह फिल्म बतौर निर्देशक खास महत्व रखती है, क्योंकि वह अपने पिता की लोकप्रियता से अलग अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं। फिल्म को पहले 31 जुलाई को रिलीज किया जाना था, लेकिन बाद में इसकी तारीख बदल दी गई। अब ‘सिगमा’ 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

 

Related posts