यूपी में IAS-PCS अफसरों का बड़ा फेरबदल, 2 जिलों के DM बदले; 5 IAS और 6 PCS को मिली नई जिम्मेदारी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए दो जिलाधिकारियों समेत पांच IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसके साथ ही छह PCS अधिकारियों को भी नई तैनाती दी गई है। तबादले के बाद अधिकारियों को अलग-अलग जिलों और विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

बहराइच और जालौन के जिलाधिकारी बदले

जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय का तबादला कर उन्हें बहराइच का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स के पद पर तैनात समीर को जालौन का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा झांसी की नगर आयुक्त आकांक्षा राना को विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बाराबंकी और झांसी में भी प्रशासनिक बदलाव

बाराबंकी के मुख्य विकास अधिकारी बी. सूदन को झांसी का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव पंकज वर्मा को बाराबंकी का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।

6 PCS अधिकारियों के भी तबादले

राज्य सरकार ने छह PCS अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया है। कुलसचिव, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय और अपर निदेशक, संस्कृति निदेशालय के पद पर तैनात सुशील प्रताप सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का सचिव बनाया गया है।

वहीं, LDA में संयुक्त सचिव के पद पर तैनात अतुल कुमार को कुलसचिव, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय और अपर निदेशक, संस्कृति निदेशालय की जिम्मेदारी दी गई है।

बदायूं से कानपुर और गोंडा में भी तैनाती बदली

बदायूं में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात राजेश कुमार सिंह को कानपुर नगर का अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) बनाया गया है। वहीं, गोंडा के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार सिंह को उपनिदेशक (प्रशासन), युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के पद पर तैनाती दी गई है।

गोंडा और झांसी में भी नई जिम्मेदारी

झांसी के नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा को गोंडा का अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है। वहीं, कुशीनगर में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात योगेश्वर सिंह को झांसी का नया नगर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।

सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद संबंधित अधिकारियों को अपनी नई तैनाती वाले जिलों और विभागों में कार्यभार संभालना होगा।

 

Related posts